फोटो गैलरी

Hindi News14 साल से पाकिस्तान में फंसी भारतीय लड़की को बजरंगी भाईजान की जरूरत

14 साल से पाकिस्तान में फंसी भारतीय लड़की को बजरंगी भाईजान की जरूरत

फिल्म बजरंगी भाईजान एक काल्पनिक कहानी पर आधारित हो सकती है, लेकिन इस फिल्म के एक किरदार की तरह ही कराची में ऐसी मूक बधिर भारतीय लड़की है जो 14 साल से पाकिस्तान में है और भारत में उसके परिवार को खोजने...

14 साल से पाकिस्तान में फंसी भारतीय लड़की को बजरंगी भाईजान की जरूरत
एजेंसीMon, 03 Aug 2015 02:54 PM
ऐप पर पढ़ें

फिल्म बजरंगी भाईजान एक काल्पनिक कहानी पर आधारित हो सकती है, लेकिन इस फिल्म के एक किरदार की तरह ही कराची में ऐसी मूक बधिर भारतीय लड़की है जो 14 साल से पाकिस्तान में है और भारत में उसके परिवार को खोजने के सारे प्रयास असफल रहे हैं।

पंजाब रेंजर्स करीब 14 साल पहले उसे एदी फाउंडेशन में लाये थे। संगठन के फैसल एदी ने यह जानकारी दी। फैसल ने कहा, सालों से हम उसके परिवार या उसके शहर के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि वह लौट सके।

इस लड़की को पहले लाहौर स्थित एदी सेंटर में लाया गया था और बाद में कराची स्थित संगठन के एक आश्रय गृह में भेज दिया गया। यहां मदर ऑफ पाकिस्तान के नाम से लोकप्रिय परोपकारी महिला बिलकिस एदी ने इस लड़की का नाम गीता रखा और अब इस लड़की के बहुत करीब हो गई हैं।

अब गीता 23 साल की हो चुकी है। माना जाता है कि वह बचपन में भटककर पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हो गई थी।

लड़की मोबाइल फोन पर भारत का नक्शा पहचानने में तो सफल रही लेकिन एदी के कर्मचारियों को अन्य कोई जानकारी नहीं दे सकी है।

वह पहले भारतीय नक्शे पर क्षारखंड पर उंगली रखती है और फिर तेलंगाना की ओर इशारा करते हुए अपने घर का पता बताने की कोशिश करती है।

चेहरे के भाव और उंगलियों के इशारे से गीता ने बताया कि उसके सात भाई और चार बहनें हैं। फैसल एदी ने कहा, हमने उसकी लिखी चीजें लोगों को दिखाईं लेकिन कुछ नतीजा नहीं निकला। वह पत्रिकाओं से हिंदी शब्दों की नकल करती है।

आश्रय गृह के कर्मचारियों ने उसके लिए अलग एक पूजा कक्ष बनाया है जिसमें हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें लगी हैं।

मानवाधिकार कार्यकर्ता और पूर्व मंत्री अंसार बर्नी ने कहा, वह हिंदू है और हिंदू देवी-देवताओं की रंग-बिरंगी तस्वीरें उसने लगाई हैं।

फैसल ने बताया, मैं उसके लिए नेपाल से गणेश की मूर्ति लाया था।

इसी तरह की काल्पनिक कहानी पर बनी सलमान खान अभिनीत बजरंगी भाईजान की सफलता के बाद सामाजिक कार्यकर्ता गीता को भारत में उसके परिवार से मिलाने के प्रयास कर रहे हैं।

तीन साल पहले अपने भारत दौरे के समय गीता का मुद्दा उठाने वाले बर्नी ने इस लड़की के लिए फेसबुक अभियान चलाया है।

फैसल ने कहा, पिछले साल भारतीय वाणिज्य दूतावास के कर्मचारी उसके पास आए थे और तस्वीर एवं रिकॉर्ड लिए थे, लेकिन वे वापस नहीं आए।

कई पत्रकारों ने, जिसमें एक भारतीय भी थे, ने गीता का साक्षात्कार भी लिया, लेकिन उसके परिवार के बारे में कोई पता नहीं लगा सका।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने गीता को मनाया कि वह पाकिस्तान में एक हिंदू लड़के से शादी करके नयी जिंदगी की शुरूआत करे। उसने अपनी सांकेतिक भाषा में मना कर दिया और साफ किया कि वह घर लौटने के बाद ही शादी करेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें