फोटो गैलरी

Hindi Newsबुलेट ट्रेन पर जापान करेगा भारत का सहयोग

बुलेट ट्रेन पर जापान करेगा भारत का सहयोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया बुलेट ट्रेन का वादा जल्द पूरा होने जा रहा है। असल में जापान, भारत को प्रौद्योगिकी वित्तीय और इस ट्रेन के संचालन में सहयोग के लिए राजी हो गया है। जापान यात्रा...

बुलेट ट्रेन पर जापान करेगा भारत का सहयोग
एजेंसीTue, 02 Sep 2014 01:30 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया बुलेट ट्रेन का वादा जल्द पूरा होने जा रहा है। असल में जापान, भारत को प्रौद्योगिकी वित्तीय और इस ट्रेन के संचालन में सहयोग के लिए राजी हो गया है। जापान यात्रा के तीसरे दिन पीएम मोदी और उनके समकक्ष शिंजो अबे ने सोमवार को बुलेट ट्रेन समेत सामरिक, आर्थिक और सांस्कृतिक स्तरों के कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

स्मार्ट सिटी और बुनियादी सुविधाओं पर निवेश: दोनों देशों के पीएम की द्विपक्षीय वार्ता के बाद मोदी और अबे ने सोमवार मीडिया से बातचीत की। बताया गया कि जापान भारत में  स्मार्ट  सिटी  निर्माण, बुनियादी सुविधाओं और कई योजनाओं के वित्तपोषण के लिए पांच साल में 35 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करेगा। यह पूर्व की तुलना में दोगुना राशि है।

परमाणु समझौता नहीं पर वार्ता होगी तेज: भारत अमेरिका संग हुए असैन्य परमाणु समझौते की तरह जापान के साथ भी ऐसा समझौता चाहता था लेकिन टोक्यो उत्सुक नहीं दिखा। हालांकि मोदी और अबे ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस मुद्दे पर वार्ता तेज करें,ताकि जल्द इसे अंतिम स्वरूप दिया जा सके।

रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी में सहयोग : शिखर वार्ता के दौरान मोदी और अबे ने अपनी सामरिक भागीदारी में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के महत्व पर बल दिया। इस दौरान दोनों जमीन और समुद्र पर उतर सकने वाले यूएस-2 नभ-जल विमान भारत को बेचने संबंधी बातचीत को तेज करने पर भी सहमत हो गए।

गंगा शुद्धिकरण में सहयोग का वादा: जापान ने मोदी सरकार की महत्वपूर्ण गंगा शुद्धिकरण योजना के लिए भी अहम सहयोग करने का वादा किया है। इतना ही नहीं आबे ने द्विपक्षीय वार्ता में वैश्विक स्थिति पर भी चर्चा की गई। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार पर भी दोनों पीएम के बीच चर्चा हुई।

इन मुद्दों पर भी सहमति
-भारत से जापान को दुर्लभ अर्थ क्लोराइडस की आपूर्ति और विनिर्माण के लिए महत्वपूर्ण समझौता भी किया
-माल परिवहन गलियारा के पास स्मार्ट शहरों व औद्योगिक पार्कों के विकास में भी जापानी निवेशकों को आमंत्रित किया
-खुफिया जानकारियां साझा करने और आतंकवाद से मुकाबले में मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी का आहवान किया
-इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी को कर्ज के रूप में 47.9 करोड़ डॉलर दिए
-सामरिक और वैश्विक साझेदारी संबंधों को विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी नाम देने की घोषणा की

छह कंपनियों से प्रतिबंध हटा
शिखर वार्ता के बाद जापान ने हिन्दुस्तान एयरोनाटिक्स लि़मिटेड समेत छह भारतीय कंपनयों पर लगा प्रबिबंध हटाने का ऐलान किया है। 1998 के भारत में हुए परमाणु परीक्षणों के बाद से इन कंपनियों पर जापान ने प्रतिबंध लगा दिया था। बाद में मोदी ने कहा कि इससे दोनों देशों में सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

परिवहन-कृषि पर देंगे ध्यान
इंडिया-जापान इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पार्टनरशिप के तहत जापान ने भारत में अपने निवेश की राशि दोगुनी कर दी है। यह राशि नई स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों में, देश में दूषित नदियों की सफाई के लिए, कृषि, जल सुरक्षा, परिवहन और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में इस्तेमाल की जाएगी।

जापान के लिए अलग टीम
मोदी ने जापानी निवेशकों से कहा कि उन्हें उसी तरह की त्वरित एवं सक्रिय प्रतिक्रिया मिलेगी, जैसी गुजरात में उन्हें तब मिली थी, जब वह राज्य के मुख्यमंत्री थे। जापान के साथ विशेष आर्थिक संबंधों पर जोर देते हुए मोदी ने पीएमओ कार्यालय में अलग से एक विशेष टीम बनाने की बात भी कही।

भारत-जापान के बीच संबंध और गहरा हो गया है। जापान आने का अवसर पाकर मुझे खुशी हुई। हमारी विदेश नीति में जापान की प्राथमिकता रहेगी। मोदी ने कहा कि भारत के विकास और परिवर्तन में जापान की अहम भूमिका होगी और दोनों देश सोशल ग्लोबल पार्टनरशिप के आधार पर आगे बढ़ेंगे।
-नरेंद्र मोदी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें