फोटो गैलरी

Hindi Newsदेश के अधिकतर हिस्सों में लू का कहर जारी, अब तक 757 लोगों की मौत

देश के अधिकतर हिस्सों में लू का कहर जारी, अब तक 757 लोगों की मौत

देश के कई हिस्सों में मंगलवार को भी लू का प्रकोप जारी रहा और कल के बाद से 207 और लोग इसकी चपेट में आकर मारे गए। इसी के साथ मृतकों की कुल संख्या 757 हो गयी जिनमें आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सबसे...

देश के अधिकतर हिस्सों में लू का कहर जारी, अब तक 757 लोगों की मौत
एजेंसीWed, 27 May 2015 11:17 AM
ऐप पर पढ़ें

देश के कई हिस्सों में मंगलवार को भी लू का प्रकोप जारी रहा और कल के बाद से 207 और लोग इसकी चपेट में आकर मारे गए। इसी के साथ मृतकों की कुल संख्या 757 हो गयी जिनमें आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल में अधिकतर जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
   
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार ओड़िशा के अंगुल में अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया जबकि महाराष्ट्र के चंद्रपुर और वर्धा में यह क्रमश: 46.6 और 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है क्योंकि अगले दो दिनों में वहां गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है जिससे पारा कुछ नीचे गिरेगा।

दूसरी तरफ कश्मीर घाटी में मौसम सुहाना है और अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी बीच आंध्र प्रदेश में कल से लू के कारण 149 लोग मारे गए हैं जिसके साथ ही राज्य में मृतकों की संख्या 551 हो गई है।

तेलंगाना में कल से 51 और लोग लू की भेंट चढ़ चुके हैं। इसके साथ ही राज्य में अब तक लू के कारण मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 266 हो गई। गुजरात में लू के कारण सात लोगों के मरने की खबर है। ये सभी मामले अहमदाबाद के हैं।

कल तक लू के कारण देश भर में करीब 550 लोग मारे गए थे और उसके बाद से 207 और लोगों की मौत होने के साथ लू ने अब तक 757 जानें लील ली हैं।

विशेष आपदा प्रबंधन आयुक्त तुलसी रानी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में लू के कारण अकेले गुंटूर जिले में 104 लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने कहा कि गुंटूर के बाद पूर्व गोदावरी में सबसे ज्यादा 90, विजयनगरम में 84, विशाखापत्तनम में 61 और प्रकाशम जिले में 57 लोग मारे गए हैं। दूसरे जिलों में यह संख्या 8 से 36 के बीच है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी।

वहीं तेलंगाना के आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार राज्य में नालगोंडा जिले में लू के कारण सबसे ज्यादा 73 लोग मारे गए। इसके बाद खम्माम में 60, महबूबनगर में 32, मेडक में 26, करीमनगर एवं आदिलाबाद जिले में 22-22, वारंगल में नौ, निजामाबाद में 8, हैदराबाद और रंगा रेड्डी में सात-सात लोगों की मौत हुई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें