आम हड़ताल का झारखंड में व्यापक असर
श्रमिक संगठनों की देशव्यापी हड़ताल का झारखंड में व्यापक असर पड़ा है। आम जनजीवन पर इस हड़ताल का खास असर नहीं दिख रहा है। बैंकों, डाकघरों, बीमा कार्यालयों के अलावा खनन क्षेत्र के कामकाज प्रभावित हैं।...
श्रमिक संगठनों की देशव्यापी हड़ताल का झारखंड में व्यापक असर पड़ा है। आम जनजीवन पर इस हड़ताल का खास असर नहीं दिख रहा है। बैंकों, डाकघरों, बीमा कार्यालयों के अलावा खनन क्षेत्र के कामकाज प्रभावित हैं। कर्मचारियों की इस हड़ताल में बीएमएस को छोड़ चार सेंट्रल ट्रेड यूनियन समेत दर्जनों क्षेत्रीय यूनियन शामिल हैं।
कोयलांचल-संथाल में व्यापक असरः मजदूरों की हड़ताल का कोयलांचल और संथाल परगना में व्यापक असर है। यहां कोयला उद्योग पर सबसे अधिक असर दिख रहा है। मजदूरों ने बीसीसीएल की लगभग सभी खदानों में उत्पादन ठप करा दिया है। वहीं यहां की कंपनियों में आउटसोर्सिंग का काम भी पूरी तरह ठप है। क्षेत्र के बैंक और बीमा कार्यालयों में कोई काम नहीं हुआ। यहां सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतरे हुए हैं। जबकि धनबाद में माले समर्थकों ने पहाड़ीगोड़ा के पास स्वर्णरेखा एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया।
रांची में प्रदर्शन
रांची स्थित कोल इंडिया की दो सहायक कंपनियों सीसीएल और सीएमपीडीआई में कामकाज ठप है। यहां श्रमिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। पोस्ट आफिस, बैंक और बीमा संस्थानों में भी प्रदर्शन हुए। यहां भी काम बंद है। बाजार और शिक्षण संस्थान खुले हैं। रेल यातायात पर भी हड़ताल का असर नहीं है। बोकारो में भी हड़ताल का असर देखा जा रहा है।