फोटो गैलरी

Hindi Newsलगातार बदले अंदाज में नजर आ रहे हैं राहुल गांधी

लगातार बदले अंदाज में नजर आ रहे हैं राहुल गांधी

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अवकाश से लौटने के बाद लगातार बदले अंदाज में नजर आ रहे हैं। भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन के खिलाफ रविवार को किसान रैली को संबोधित करने के बाद उन्होंने सोमवार को लोकसभा...

लगातार बदले अंदाज में नजर आ रहे हैं राहुल गांधी
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 21 Apr 2015 10:37 AM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अवकाश से लौटने के बाद लगातार बदले अंदाज में नजर आ रहे हैं। भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन के खिलाफ रविवार को किसान रैली को संबोधित करने के बाद उन्होंने सोमवार को लोकसभा में बेमौसम बरसात से किसानों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया।

राहुल गांधी ने सत्ता पक्ष की तरफ से लगातार टोकाटोकी के बीच पूरी मजबूती से अपनी बात रखी और हाजिरजवाबी का परिचय देते हुए ईंट का जवाब पत्थर से देने की कोशिश की। लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल ने पहली बार किसी बहस में हिस्सा लिया।

पिछली लोकसभा में जब भी वह किसी मुद्दे पर बोलते थे, तो उनका भाषण रुखा होता था। वह ज्यादातर भाषण पढ़ते थे, पर सोमवार को वह लिखे मुख्य बिंदुओं को देखने के साथ सत्तापक्ष के सदस्यों की आंख में आंख मिलाकर भी बात कर रहे थे। देश में कृषि की स्थिति पर चर्चा के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष ने चुटकी, हाजिरजवाबी और कटाक्षों का भरपूर इस्तेमाल किया। करीब 40 मिनट के अपने भाषण में उन्होंने सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि ‘अच्छे दिन’ की सरकार पूरी तरह विफल हो गई है।

आपके नहीं देश के प्रधानमंत्री
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सत्तापक्ष की तरफ इशारा करते हुए आपके प्रधानमंत्री कहा तो सत्तापक्ष के कई सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री। इस पर राहुल गांधी ने चुटकी लेते हुए कहा कि क्या वह आपके प्रधानमंत्री नहीं है। अचानक यह सवाल सुन भाजपा की तरफ से टोकाटोकी कर रहे सदस्य चुप्पी साध गए। फौरन ही राहुल गांधी ने कहा कि आप मना कर रहे हैं, तो मान लेता हूं कि वह आपके प्रधानमंत्री नहीं, देश के प्रधानमंत्री है।

अंग्रेजी पर बोलने पर हंगामा
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में अपने भाषण की शुरुआत अंग्रेजी में की। इस पर भाजपा के कुछ सदस्यों ने उनसे हिन्दी में बोलने की मांग की। इस पर राहुल गांधी ने बिना कोई देर किए कहा कि वह हिन्दी में बोलेंगे।

ट्विटर पर सबसे ऊपर
राहुल गांधी के लोकसभा में भाषण के बाद ट्विटर पर ‘राहुल रोर’ नाम से हैशटैग चलाया गया। शाम को छह बजे के बाद लगातार कई घंटे तक ये ट्विटर पर सबसे ऊपर ट्रेंड करता रहा। वहीं ट्विटर पर हिंदी हैशटैग राहुल बोले नाम से भी चलाया गया।
 
किसने क्या कहा

राहुल गांधी ने अच्छा भाषण दिया है, मुझे राहुल पर पूरा भरोसा है।
- सोनिया गांधी

दोपहर के बाद लोकसभा में राहुल गांधी का जुझारू और आत्मविश्वास से भरा हुआ द्विभाषी भाषण। कांग्रेस वापस आ गई है।
- शशि थरूर, नेता, कांग्रेस

राहुल गांधी का नाम आते ही भाजपाइयों के चेहरे पीले क्यों पड़ जाते हैं। देश की आशा एवं उम्मीद राहुल गांधी हैं।
- अखिलेश प्रसाद सिंह, नेता, कांग्रेस

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें