फोटो गैलरी

Hindi NewsRSS ने लगाई मोदी सरकार के कामकाज पर मुहर

RSS ने लगाई मोदी सरकार के कामकाज पर मुहर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मोदी सरकार के कामकाज पर मुहर लगाते हुए कहा है कि सरकार प्रतिबद्धता व समर्पण के साथ सही दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि उसने आर्थिक व शिक्षा के मोर्चे पर विसंगतियों को दूर...

RSS ने लगाई मोदी सरकार के कामकाज पर मुहर
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 04 Sep 2015 09:12 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मोदी सरकार के कामकाज पर मुहर लगाते हुए कहा है कि सरकार प्रतिबद्धता व समर्पण के साथ सही दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि उसने आर्थिक व शिक्षा के मोर्चे पर विसंगतियों को दूर करने के लिए सरकार को उचित कदम उठाने की सलाह भी दी है। संघ ने सरकार को रिमोट कंट्रोल से चलाने के विपक्षी दलों के आरोपों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक के समापन सत्र में शामिल हुए और कहा कि उन्हें स्वयंसेवक होने पर गर्व है।

संघ व भाजपा के समन्वय संवाद में संघ के सभी आनुषंगिक संगठनों के साथ भाजपा का संसदीय बोर्ड व केंद्र सरकार के एक दर्जन चुनिंदा मंत्री शामिल हुए। बैठक के बाद संघ के सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय हौसबुले ने कहा कि पिछले तीन दिन के दौरान हमारी कई मुद्दों पर बातचीत हुई। इसमें देश की सुरक्षा (आंतरिक व बाह्य), शिक्षा, आर्थिक स्थिति समेत तमाम मुद्दों पर विचारों को साझा किया गया। हौसबुले ने कहा कि अभी केवल 14 महीने गुजरे हैं। काफी समय है और बहुत कुछ किया जाना है। अब तक जो कुछ हुआ है, उसकी दिशा सही है।

संघ गैर कानूनी नहीं, मंत्रियों से बात करने का पूरा अधिकार
हौसबुले ने मंत्रियों की गोपनीयता का उल्लंघन कर संघ को सरकार की जानकारी देने के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि आरएसएस कोई गैरकानूनी संगठन नहीं है। हम भी देश के नागरिक है और हमें भी मंत्रियों के बात करने का पूरा अधिकार है। बहुत सारे स्वयंसेवक मंत्री बन गए। सरकार का नेतृत्व भी स्वयंसेवक कर रहा है, ऐसे में हमने अनुभव बांटे हैं, कोई गोपनीयता का उल्लंघन नही किया है। 

नानजी देशमुख के चित्रकूट जैसा हो विकास का मॉडल
हौसबुले ने कहा कि संघ का मानना है कि विकास का माडल भारतीय चिंतन, विचार, पहचान व आचरण के साथ आधुनिक युग के अनुकूल होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने नानाजी देशमुख के चित्रकूट मॉडल का उदाहरण भी दिया। उन्होने कहा कि पश्चिम के भी कई मॉडल फेल हो गए हैं और अब नए मॉडल की जरूरत है।

गांव-गरीब की भी हो चिंता
देश के आर्थिक मॉडल में गांवों की चिंता भी होनी चाहिए। पढ़ाई, कमाई व दवाई की वजह से लोग गांव छोड़कर शहरों की तरफ जा रहे हैं। अगर यह गांव मे उपलब्ध हो तो वहीं पर उनका विकास हो सकेगा। किसान, गरीब, मजदूर स्वाभिमान व सुरक्षा के साथ जी सकें। उन्हें रोटी, कपड़ा व मकान की मूल सुविधाएं मिल सकें। संघ का दूसरा बड़ा एजेंडा शिक्षा का रहा। इसमें संघ ने कहा कि आधुनिक मूल्यों के साथ भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा होनी चाहिए। सबको सस्ती, सुगम व गुणवत्ता वाली शिक्षा मुहैया होनी चाहिए।

राम मंदिर पर सरकार की समय सारिणी पर चलेगा संघ
हौसबुले ने कहा कि राम मंदिर बनना चाहिए, लेकिन इसके लिए कार्यक्रम संत समाज तय करता है, संघ उसी दिशा में चलता है। अभी मामला सुप्रीम कोर्ट में है। संघ सरकार की समय-सारणी के अनुसार अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का इंतजार करेगा। विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया के मुस्लिम आबादी पर दिए गए बयान पर संघ ने साफ किया कि इस पर बहस होनी चाहिए। धार्मिक जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रांची में होने वाली कार्यकारी मंडल की बैठक में इस बारे में विचार किया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें