फोटो गैलरी

Hindi Newsअब कांग्रेस की निगाहें जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर

अब कांग्रेस की निगाहें जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर

गोपेश्वर। हमारे संवाददाता। प्रदेश के उपचुनावों के परिणाम से पहले राजनैतिक गणित के माहिर बता रहे थे कि लोकसभा चुनाव की तरह भाजपा गांव, चौपाल और जिले के उपचुनावों में भी कमाल दिखाएगी, पर ऐसा नहीं हुआ।...

अब कांग्रेस की निगाहें जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 29 Jul 2014 01:08 AM
ऐप पर पढ़ें

गोपेश्वर। हमारे संवाददाता। प्रदेश के उपचुनावों के परिणाम से पहले राजनैतिक गणित के माहिर बता रहे थे कि लोकसभा चुनाव की तरह भाजपा गांव, चौपाल और जिले के उपचुनावों में भी कमाल दिखाएगी, पर ऐसा नहीं हुआ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रमुखों के चुनाव भी राजनैतिक दलों की प्रतिष्ठा से जोड़े जा रहे थे, इसमें चमोली में कांग्रेस ने सफलता हासिल की है। अब भाजपा और कांग्रेस के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट राजनैतिक रुआब और प्रतिष्ठा का सबब बन गई है।

सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि इस बहुप्रतिष्ठित सीट पर किस दल को कामयाबी मिलेगी। चार लाख से अधिक की जनसंख्या और इसमें भी 80 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण बाहुल्य वाले जनपद में चमोली जिला अध्यक्ष पद की सीट पर कौन विराजेगा इसके लिए जहां आम लोगों में जिज्ञासा हैं। वही कांग्रेस और भाजपा दोनों ने इस सीट पर कामयाबी के लिए अपने-अपने घौड़े न सिर्फ खोल दिए हैं, बल्कि दौड़ा भी दिए हैं। 27 सदस्यों वाली जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट अनुसूचित जनजाति की महिला के लिए आरक्षित है।

भाजपा ने इस सीट पर नारायणबगड़ के पूर्व प्रमुख और भाजपा के दिग्गज नेता मगन लाल शाह की पत्नी मुन्नी देवी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस ने अभी खुले रूप से अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। परंतु माना जा रहा है कि कांग्रेस पूर्व प्रधानाध्यापिका माहेश्वरी कन्याल को समर्थन दे सकती है। भाजपा का दावा है कि उसके सात सदस्य घोषित रूप से और सात उन्हीं की विचार धारा के सदस्य चुनाव जीतकर आए हैं। लिहाजा भाजपा प्रत्याशी ही अध्यक्ष बनेंगी।

क्योंकि निर्दलियों का भी उन्हें समर्थन है। कांग्रेस क्या गणित खेलेगी दूसरी तरफ कांग्रेस ने अभी खुले रूप से उम्मीदवारी के रूप में भले ही अपना प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए घोषित न किया हो, मगर जिस तरह से प्रमुखों के चुनावों में कुछ दिनों में ही अचानक समीकरण बदल गए और कांग्रेस के पक्ष में अधिक से अधिक प्रत्याशी जीत कर आ गए हैं, ऐसे में कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए अब क्या गणित खेलेगी, इस पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं।

एक कांग्रेसी नेता यहां तक आत्मविश्वास से भरे हैं कि वे कहते हैं कि तेल देखों, तेल की धार देखो।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें