बुधवार, 19 जून, 2013 | 08:28 | IST
  RSS |    Site Image Loading Image Loading
 
कटी पतंग की शूटिंग, लीं सारी नावें किराये पर
हल्द्वानी कार्यालय संवाददाता
First Published:18-07-12 10:52 PM
 ई-मेल Image Loadingप्रिंट  टिप्पणियॉ: (0) अ+ अ-
फिल्मकार शक्ति सामंत सत्तर के दशक में जब नैनीताल में ‘कटी पतंग’ के मुकेश के गाये सोलो गीत को नैनी झील में राजेश खन्ना और आशा पारेख पर फिल्मा रहे थे, तो शूटिंग देखने वालों की इतनी भीड़ हो गई कि गाना फिल्माना मुश्किल हो गया। तब शक्तिदा ने सारी नावें किराये पर लेकर राजेश खन्ना और आशा पारेख पर इस गीत को बमुश्किल फिल्माया।


शक्ति सामंत ने एक इंटरव्यू के दौरान इस संवाददाता को बताया था कि उन्हें कटी पतंग के गाने को नैनी ङील में फिल्माने में बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई थी। वजह जैसे ही कैमरा नाव पर रखकर वह राजेश और आशा पारेख पर इस गीत को फिल्माने लगे तो पर्यटक नावों पर सवार होकर राजेश और आशा पारेख वाली नाव के पीछे-पीछे नाव लेकर आ जाते। ऐसे में मैं काफी परेशान हो गया। कोई तरकीब नहीं सूझ रही थी कि अचानक दिमाग में एक ख्याल आया कि क्यों न कुछ देर के लिए नैनी ङील के किनारे खड़ी सारी नावें किराये पर क्यों न ले ली जाएं।


शक्ति दा ने बताया था कि उन्होंने सारी नावें किराये पर ले लीं और नैनी ङील में राजेश और आशा पारेख पर यह गीत भी फिल्मा लिया। शक्तिदा ने बताया-गाने की शूटिंग पूरी कर मैंने जनता से दोनों हाथ जोड़कर माफी मांग ली और कहा कि देखिए आपको तकलीफ तो बहुत हुई होगी पर मैं आपके रहते हुए गाने को फिल्मा नहीं सकता था। खैर लोगों ने मुङो माफ कर दिया और शूटिंग पूरी हो गई। शक्तिदा ने बताया था कि कटी पतंग के कुछ दृश्यों की शूटिंग उन्होंने नैनीताल के आसपास भी की थी। वह राजेश खन्ना का जमाना था और उनकी स्टारडम काफी थी इसलिए शूटिंग देखने काफी भीड़ जुटी थी।


शूटिंग के लिए किसी का बंगला किराये पर लिया
फिल्मकार शक्ति सामंत ने बताया था कि ‘कटी पतंग’ की शूटिंग के लिए उन्होंने किसी व्यक्ति से बंगला किराये पर लिया था। पर वह कौन व्यक्ति था दिमाग पर बहुत जोर डालने पर भी वह बता नहीं पाए थे। शक्ति दा ने बताया था कि तब का नैनीताल बड़ा शांत और सुंदर था। मकानात काफी कम थे और हरियाली काफी थी। मैं सबसे ज्यादा आकर्षित नैनी ङील से हुआ था।


शक्ति दा ने बताया था कि मुकेश ने उनके लिए उनके पूरे सिनेमाई जीवन में एक गीत गाया था-जिस गली में तेरा घर न हो बालमा और देखिए कटी पतंग का यह गीत कितना पॉपुलर हुआ। लोगों की जुबान पर चढ़ गया यह गीत। जब भी इस गीत को सुनता हूं, मुकेश की याद आती है।
.........................
आशा पारेख ने कहा-नैनीताल तो उनकी ससुराल थी
हल्द्वानी। आशा पारेख ने एक साक्षात्कार के दौरान बताया था कि वह नैनीताल को कैसे भूल सकती हैं। आखिर ‘कटी पतंग’ में शक्ति सामंत ने नैनीताल को उनकी नकली ही सही पर ससुराल बना दिया। आखिर एक लड़की का अपनी ससुराल से जीवन-मरण का नाता होता है। यह ठीक है कि यह मेरी फिल्मी ससुराल थी पर आज भी जब उस फिल्म को देखती हूं तो नैनीताल की खूबसूरती मेरे जेहन में कौंध जाती है।


आशा ने बताया था कि कटी पतंग की कहानी कुछ ऐसी है कि ट्रेन में मैं अपनी सहेली की ससुराल नैनीताल आ रही हूं और ट्रेन का एक्सीडेंट हो जाता है। एक्सीडेंट में सहेली की मौत हो जाती है और सहेली मरते वक्त उनसे वचन ले लेती है कि वह नैनीताल में उसकी ससुराल की बहू बनकर चली जाए और उसके लाडले को भी ले जाए। क्योंकि सहेली के सास-ससुर ने उसे कभी देखा नहीं है। इस तरह नैनीताल फिल्म की कहानी के हिसाब से उसकी ससुराल बन गई थी।


आशाजी ने बताया था कि नैनीताल से ही नासिर हुसैन की फिल्म ‘दिल देके देखो’ से उनका फिल्मी कॅरिअर शुरू हुआ था। इसलिए नैनीताल हमेशा उनके जेहन में रहेगा।
......................
जब राजेश खन्ना ने कहा ‘फटी पतंग’

 फिल्म ‘जाना’ की शूटिंग के दौरान जब सुपर स्टार राजेश खन्ना नैनीताल आये तो इस संवाददाता ने उन्हें शक्ति सामंत द्वारा दिए गए ‘कटी पतंग’ फिल्म के नैनीताल में राजेश खन्ना और आशा पारेख पर फिल्माए गए दो दृश्यों के रंगीन फोटो दिखाए तो काका ने दोनों फोटोज तुरंत मांगे। फोटो की ओर देखा और बड़े तल्ख अंदाज में कहा-‘फटी पतंग-फटी पतंग..।’ उस वक्त तल्खी में कहे गए उनके ये दो वाक्य इस संवाददाता को बेहद बुरे लगे थे पर आज उनके निधन पर ऐसा महसूस हो रहा है कि वह भीतर से बहुत उदास हो चले थे। इतनी स्टारडम के बाद जिन्दगी में कोई कमी थी, जो उन्हें भीतर से खाये जा रही थी।

 
 Image Loadingई-मेल Image Loadingप्रिंट  टिप्पणियॉ: (0) अ+ अ- share  स्टोरी का मूल्याकंन
 
 
टिप्पणियाँ
 

लाइवहिन्दुस्तान पर अन्य ख़बरें

आज का मौसम राशिफल
अपना शहर चुने  
आंशिक बादलसूर्यादय
सूर्यास्त
नमी
 : 05:22 AM
 : 07:19 PM
 : 53 %
अधिकतम
तापमान
33°
.
|
न्यूनतम
तापमान
28°