फोटो गैलरी

Hindi Newsखेत में आलू की बर्बादी देख किसान ने तोड़ा दम

खेत में आलू की बर्बादी देख किसान ने तोड़ा दम

आसमान में काले बादल थे लेकिन खेत में अरमान बिखरे पड़े थे। हलक सूख रहा था लेकिन किसान बेवस था। जल्दी-जल्दी बिखरे पड़े आलू को बोरों में भरने का काम शुरू कर दिया। तभी बारिश शुरू हो गई। बर्बादी की आशंका...

खेत में आलू की बर्बादी देख किसान ने तोड़ा दम
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 15 Mar 2015 09:43 PM
ऐप पर पढ़ें

आसमान में काले बादल थे लेकिन खेत में अरमान बिखरे पड़े थे। हलक सूख रहा था लेकिन किसान बेवस था। जल्दी-जल्दी बिखरे पड़े आलू को बोरों में भरने का काम शुरू कर दिया। तभी बारिश शुरू हो गई। बर्बादी की आशंका से किसान का दिल ऐसा बैठा कि धड़कनें ही बंद हो गयीं। खेत पर आलू के बोरे भरते समय किसान ने दम तोड़ दिया। किसान की मौत से घर में कोहराम और गांव शोक में डूब गया है। मामला बरनाहल थाना क्षेत्र के ग्राम औरंगाबाद से जुड़ा है। ग्रामवासी 40 वर्षीय किसान रोहन सिंह पुत्र श्रीकृष्ण ने गांव स्थित खेत में आलू की फसल तैयार की थी। एक सप्ताह पूर्व हुई बारिश से उनकी फसल को नुकसान हुआ था। परिवार का भरण पोषण के लिए आलू की फसल ही सहारा थी।

इसलिए उसने गुरुवार को फसल की खुदाई शुरू करा दी, लेकिन शनिवार अचानक मौसम बिगड़ गया। किसान ने पानी बरसने की आशंका पर खेतों में पड़े आलू को जल्दी-जल्दी बोरों में भरवाना शुरू करा दिया। तभी बारिश शुरू हो गयी। बारिश होते ही किसान बुरी तरह घबरा गया और आलू भरते-भरते उसका दिल बैठ गया और वो खेत में ही गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गयी।  मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग भी जमा हो गये। मृतक के 3 बच्चे हैं। 2 पुत्र 18 वर्ष व 16 वर्ष के हैं तथा 1 पुत्री 14 वर्ष की है। ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने जिलाधिकारी से मृत किसान के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें