फोटो गैलरी

Hindi Newsमहम्मदपुर में किरासन तेल डिपो को फूंका, फायरिंग

महम्मदपुर में किरासन तेल डिपो को फूंका, फायरिंग

जिले के पूर्वाचल में स्थित महम्मदपुर रविवार को दिनभर रणक्षेत्र बना रहा। रास्ते को लेकर किरासन तेल डिपो के मालिक व आसपास के ग्रामीणों के बीच दोपहर में शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। संघर्ष के...

महम्मदपुर में किरासन तेल डिपो को फूंका, फायरिंग
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 15 Feb 2015 10:17 PM
ऐप पर पढ़ें

जिले के पूर्वाचल में स्थित महम्मदपुर रविवार को दिनभर रणक्षेत्र बना रहा। रास्ते को लेकर किरासन तेल डिपो के मालिक व आसपास के ग्रामीणों के बीच दोपहर में शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। संघर्ष के दौरान हुई फायरिंग से दो पुलिसकर्मियों समेत चार घायल हो गए। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने तेल डिपो में आग लगा दी। इससे लाखों रुपए की क्षति हुई। वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को भी भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा।

 बताया गया है कि रविवार की दोपहर में तेल डिपो के पास जाने वाले एक रास्ते पर निर्माण का कार्य चल रहा था। इसका विरोध कुशहर व करसघाट गांव के कुछ लोगों ने किया। विरोध करने के बाद भी जब निर्माण कार्य नहीं रुका तो गांव के लोग भारी संख्या में जुट गए। तेल डिपो के मालिक के पक्ष व ग्रामीणों के बीच तू-तू, मैं-मैं होते-होते मारपीट होने लगी। इसी बीच फायरिंग व रोड़ेबाजी भी शुरू हो गई। तेल डिपो पर हुई रोड़ेबाजी व फायरिंग से कुशहर गांव के रामजी प्रसाद व अमरेश सिंह घायल हो गए। इनके घायल होने के बाद लोगों ने आक्रोश में आकर डिपो के कार्यालय, तेल भरे टैंकर व बाइक में आग लगा दी। इससे डिपो धू-धूकर जलने लगा। बाइक व अन्य सामान भी जलकर राख हो गए। इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंची महम्मदपुर थाने की पुलिस को भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों ने पुलिस पर जमकर रोड़ेबाजी की। इस रोड़ेबाजी में महम्मदपुर थाने के जमादार अनुज कुमार सिंह और विनोद कुमार पांडेय घायल हो गए।  घंटों पुलिस व ग्रामीणों के बीच रोड़ेबाजी व धर-पकड़ का खेल चलता रहा। इसी बीच घटना का कवरेज करने गए मीडिया कर्मियों पर भी लोगों ने हमला कर दिया। पत्रकार घायल भी हो गए। एक पत्रकार से कैमरा भी लोगों ने छीन लिया। जब गोपालगंज से एएसपी अनिल कुमार व सदर एसडीओ रेयाज अहमद खान बैकुंठपुर, सिधवलिया व बरौली पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो लोग शांत हुए। लोगों ने इन वरीय पदाधिकारियों से भी अपनी बात रखते हुए रास्ते की मांग की।

एसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद से एक कंपनी फोर्स की तैनाती तेल डिपो के आसपास कर दी गई है। इस रोड़ेबाजी में ग्रामीणों के अलावा दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इस मामले में तीन प्राथमिकियां दर्ज की जा रही हैं। रास्ते के विवाद को लेकर ही लोगों का गुस्सा फूटा।
पेज वन के लिए प्रस्तावित। इस खबर में सभी डेट लाइन लगा देगें, क्योंकि मेहनत कर सभी ने जान जोखिम में डाल कवरेज किया है। इस खबर में फोटो भी भेजे जा चुकें है। अगर पेज वन पर फोटो न लगे तो साइड स्टोरी के साथ लगा देगें, टाइम लाइन व साइड स्टोरी दी जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें