फोटो गैलरी

Hindi Newsदिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने खुद को गोली मारी

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने खुद को गोली मारी

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने डय़ूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में कांस्टेबल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांस्टेबल की पहचान विपिन तोमर के रूप में हुई है। पुलिस...

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने खुद को गोली मारी
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 18 Jan 2015 07:18 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने डय़ूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में कांस्टेबल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांस्टेबल की पहचान विपिन तोमर के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विपिन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फर नगर स्थित जोहर गांव का रहने वाला है। घर में पिता रतन सिंह मां कमला देवी के अलावा बड़ा भाई सचिन एवं छोटा भाई शिवम हैं। वह 2010 में दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुआ। एक साल पहले ही बाराखंभा थाने में तैनाती हुई थी।

बाराखंभा थाने पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को विपिन छुट्टी के बाद घर से आया था। वह पहाड़गंज पुलिस स्टेशन स्थित बैरक में रहता है। साथ में पुलिस में कार्यरत गांव के कुछ और दोस्त भी रहते हैं। हमेशा की तरह विपिन रविवार सुबह 7:50 बजे अपनी पिस्टल लेकर मिंटो रोड स्थित पिकेट पर गया था। लगभग 15 मिनट बाद उसने अपनी सरकारी पिस्टल से कनपटी में गोली मार ली। गोली सिर से पार होकर दीवाल पर धंस गई।

गोली लगने के बाद विपिन जमीन पर गिर गया। इसके बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने घायल विपिन को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर कांस्टेबल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल सूत्रों के अनुसार विपिन को वेंटीलेटर पर रखा गया है। फिलहाल स्थिति चिंताजनक है।

थोड़ा तनाव में था
विपिन के साथी पुलिसकर्मी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वह जब घर से आया तो थोड़ा तनाव में था। थाने पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उससे उदासी का कारण पूछा। लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। जबकि विपिन हंसमुख एवं जिंदादिल इंसान है। किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसा कदम उठाएगा।

फरवरी में शादी तय थी
विपिन के पिता रतन सिंह ने बताया कि विपिन उनका दूसरा बेटा है। उसकी शादी तय हो गई है 10 फरवरी तारीख तय की गई है। बड़े उत्साह से विपिन ने शादी की तैयारियां की हैं। इसके अलावा विपिन अपनी होने वाली पत्नी से बात भी करता रहा है। वह इस शादी से बेहद खुश भी है। परिजनों को भी नहीं पता कि आखिर किस वजह से विपिन ने ऐसा कदम उठाया?

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें