एएमयू और भाजपा नेताओं के बीच गतिरोध कुछ हद तक खत्म
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के अधिकारियों और स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच चल रहा गतिरोध कुछ हद तक खत्म हो गया है। विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एएमयू के कुलपति लेफ्टिनेंट...
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के अधिकारियों और स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच चल रहा गतिरोध कुछ हद तक खत्म हो गया है। विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एएमयू के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जमीरउद्दीन शाह और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुछ नेताओं के बीच कल देर रात बैठक हुई।
बातचीत का मुद्दा राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के परिवार द्वारा एएमयू के लिए किये गये योगदान को विश्वविद्यालय अधिकारियों द्वारा कथित रूप से अपर्याप्त मान्यता दिये जाने के इर्द गिर्द केन्द्रित रहा। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ एएमयू छात्र संघ के कुछ नेताओं द्वारा कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किये जाने की बात भी उठी।
अलीगढ़ से लोकसभा सांसद सतीश गौतम सहित स्थानीय भाजपा इकाई ने इस सप्ताह की शुरूआत में ऐलान किया था कि एक दिसंबर को राजा महेन्द्र प्रताप के जन्मदिन के मौके पर एएमयू परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा। एएमयू प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में तय किया गया है कि राजा महेन्द्र प्रताप के 128वें जन्मदिन पर एएमयू सिटी स्कूल के निकट एक सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। यह कार्यक्रम उसी भूमि पर होगा, जो राजा ने विश्वविद्यालय को दान में दी थी।
उन्होंने बताया कि यह भूमि एएमयू विश्वविद्यालय परिसर के बाहर है। सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन एएमयू छात्रसंघ कर रहा है। प्रवक्ता ने कहा कि राजा महेन्द्र प्रताप न सिर्फ एएमयू के छात्र थे बल्कि महान स्वतंत्रता सेनानी भी थे।