फोटो गैलरी

Hindi Newsएक साथ कई चुनौतियों से जूझ रही हरिद्वार पुलिस

एक साथ कई चुनौतियों से जूझ रही हरिद्वार पुलिस

हरिद्वार। हमारे संवाददाता। जिले की पुलिस इन दिनों एक साथ कई चुनौतियों से जूझ रही है। रूटीन लॉ एंड आर्डर के साथ साथ कनखल रंगदारी जैसे हाल फिलहाल के कई मामलों के खुलासों में जुटी पुलिस को चार दिन बाद...

एक साथ कई चुनौतियों से जूझ रही हरिद्वार पुलिस
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 21 Aug 2014 01:21 AM
ऐप पर पढ़ें

हरिद्वार। हमारे संवाददाता। जिले की पुलिस इन दिनों एक साथ कई चुनौतियों से जूझ रही है। रूटीन लॉ एंड आर्डर के साथ साथ कनखल रंगदारी जैसे हाल फिलहाल के कई मामलों के खुलासों में जुटी पुलिस को चार दिन बाद सोमवती अमावस्या स्नान पर्व भी सम्पन्न कराना है। वहीं पुलिस की भर्ती से पहले ही अधिकारियों की व्यस्तता बढ़ी हुई है।

बहरहाल अधिकारी इन सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। धर्मनगरी में मेलों और स्नान पर्वों का सिलसिला सालभर चलता रहता है। वहीं रोजाना का लॉ एंड आर्डर कायम रखना पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं होता। इस बीच कहीं कोई वारदात हो जाए तो खुलासे की कसरत अलग से। फिलहाल पुलिस लाइन रोशनाबाद में कांस्टेबल भर्ती चल रही है। उधर, रुड़की गैंगवार में हालांकि पुलिस कई आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर चुकी है, लेकिन कई आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर होने के कारण भागदौड़ जारी है।

तीन दिन पहले कनखल के एक प्रॉपर्टी डीलर से रंगदारी मांगने के मामले ने एक बार फिर पुलिस की नींद उड़ा दी है। इधर, आने वाले सोमवार को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर लाखों की भीड़ हरिद्वार पहुंचना तय है। मेले की व्यवस्थाओं के लिए जनपद के बाहर से भी पुलिस बल की मांग प्रदेश पुलिस मुख्यालय से की गई है। ऐसे में आने वाला सप्ताह पुलिस के लिए चुनौतियों से भरा है। 000 10 जोन 36 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र हरिद्वार।

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर शांति व्यवस्था के मद्देनजर मेला क्षेत्र को 10 जोन और 36 सेक्टरों में बांटा गया है। एसपी सिटी सुरजीत सिंह पंवार को मेला प्रभारी बनाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते ने बुधवार को अधीनस्थों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। हर जोन में पुलिस उपाधीक्षक व हर सेक्टर में थानाध्यक्ष व अनुभवी उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी प्रभारी के रूप में नियुक्त किए जा रहे हैं। भारी संख्या में वाहनों से आगमन को दृष्टिगत रखते हुए पार्किग की व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान बनाया जा रहा है।

बुधवार को मीटिंग में पुलिस कप्तान डॉ. सदानंद दाते ने मेले की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। 000 :: ये बल रहेगा तैनात सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर 12 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 60 उपनिरीक्षक, 38 हैड कांस्टेबल, 300 कांस्टेबल, चार महिला उपनिरीक्षक, 45 महिला कांस्टेबल, एक यातायात निरीक्षक और 50 ट्रेफिक सिपाहियों समेत पुलिस बल की व्यवस्था जनपद से की गई है। जबकि पुलिस मुख्यालय से आठ पुलिस उपाधीक्षक, 15 निरीक्षक, 70 उपनिरीक्षक, तीन यातायात निरीक्षक, 15 महिला उपनिरीक्षक, 40 हैडकांस्टेबल, 10 हैडकांस्टेबल ट्रेफिक, 300 कांस्टेबल, 60 महिला कांस्टेबल, 40 ट्रैफिक कांस्टेबल, चार कम्पनी पीएसी और एक प्लाटून तैराक दल की मांग की गई है।

'रूटीन लॉ आर्डर कायम रखने के साथ ही वारदातों के खुलासों पर भी बराबर फोकस किया जा रहा है। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व की तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। पुलिस भर्ती में पारदर्शिता, निष्पक्षता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। ' डा. सदानंद दाते, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें