फोटो गैलरी

Hindi Newsरामपाल को सतलोक आश्रम ले जाया गया, तलाशी जारी, लॉकर खाली

रामपाल को सतलोक आश्रम ले जाया गया, तलाशी जारी, लॉकर खाली

गिरफ्तार किये गये स्वयंभू संत रामपाल को हरियाणा पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही जांच के सिलसिले में रविवार को उसके सतलोक आश्रम ले जाया गया। एसआईटी उससे आश्रम में हथियार समेत मिली...

रामपाल को सतलोक आश्रम ले जाया गया, तलाशी जारी, लॉकर खाली
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 23 Nov 2014 08:06 PM
ऐप पर पढ़ें

गिरफ्तार किये गये स्वयंभू संत रामपाल को हरियाणा पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही जांच के सिलसिले में रविवार को उसके सतलोक आश्रम ले जाया गया। एसआईटी उससे आश्रम में हथियार समेत मिली अन्य सामग्री के बारे में पूछताछ करेगी।
    
63 वर्षीय रामपाल को हिसार जिले के बरवाला स्थित आश्रम से 19 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को आश्रम परिसर में पिछले चार दिन से चल रही सघन तलाशी में काफी चीजें मिली हैं और पुलिस इस बारे में पूछताछ के लिए रामपाल को आश्रम परिसर में ले गयी।
    
रामपाल को अदालत की अवमानना के मामले में गिरफ्तार किये जाने के एक दिन बाद पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में पेश किया गया था। बाद में हिसार की एक अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उस पर नये मामले दर्ज किये गये थे। पुलिस ने आज बताया कि आश्रम में कई लॉकर मिले हैं और पुलिस रामपाल से इस बारे में भी सवाल करेगी।
    
रामपाल समर्थकों और पुलिस के बीच गतिरोध के दौरान पांच महिलाओं और एक नवजात की मृत्यु हो गयी थी तथा मंगलवार को हुई झड़पों में 200 से ज्यादा लोग घायल हो गये। पुलिस ने तलाशी अभियान के लिए आश्रम को तीन हिस्सों में बांट दिया है। भूमिगत बंकरों की भी जांच की जा रही है।
    
पुलिस को कल आश्रम से एक बुलेट प्रूफ वाहन, एक तेल का टैंकर, दो ट्रैक्टर और कई दोपहिया वाहन मिले। किले जैसे आश्रम से बड़ी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद, पेट्रोल बम तथा तेजाब के सिरिंज भी मिले थे। पुलिस ने कहा कि आश्रम बहुत बड़े परिसर में फैला है इसलिए तलाशी अभियान कुछ दिन और चलेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें