फोटो गैलरी

Hindi Newsदीपावली पर सैनिकों से मिलने सियाचिन पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

दीपावली पर सैनिकों से मिलने सियाचिन पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीपावली के मौके पर कुछ समय सैनिकों के साथ बिताने के लिए गुरुवार को सियाचिन गए और वहां संदेश दिया कि हर भारतीय उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। दीपावली के त्योहार पर...

दीपावली पर सैनिकों से मिलने सियाचिन पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
एजेंसीThu, 23 Oct 2014 05:57 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीपावली के मौके पर कुछ समय सैनिकों के साथ बिताने के लिए गुरुवार को सियाचिन गए और वहां संदेश दिया कि हर भारतीय उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

दीपावली के त्योहार पर जम्मू कश्मीर के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ कुछ क्षण बिताने के लिए श्रीनगर जाने से पूर्व मोदी ने सियाचिन का दौरा किया।

दौरे पर रवाना होने से पहले मोदी ने ट्वीट किया कि मित्रों, मैं सियाचिन ग्लेशियर जा रहा हूं। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं इस विशेष दिन पर हमारे बहादुर सैनिकों के साथ कुछ समय बिता पाऊंगा।

उन्होंने कहा कि मैं प्रत्येक भारतीय की ओर से यह संदेश लेकर सियाचिन जा रहा हूं कि हम आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

देश के पहरेदारों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चाहे यह ऊंचाई हो या भीषण ठंड, हमारे सैनिकों को कोई नहीं रोक सकता। वे वहां खड़े हैं और देश की सेवा कर रहे हैं। वे हमें सही मायने में गौरवान्वित कर रहे हैं।

सियाचिन के संक्षिप्त दौरे के बाद मोदी बाढ़ पीड़ितों से मिलने के लिए श्रीनगर जाएंगे। मोदी ने माइक्रो ब्लागिंग साइट टिवटर पर लिखा कि सियाचिन दौरे के बाद मैं श्रीनगर का अपना पूर्व निर्धारित दौरा जारी रखूंगा और हाल ही में आयी बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ समय बिताऊंगा।

उन्होंने आगे कहा कि हर किसी को सियाचिन के कठिन हालात के बारे में जानकारी है। हर चुनौती से पार पाते हुए हमारे सैनिक अडिग खड़े हैं, हमारी मातभूमि की रक्षा कर रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें