फोटो गैलरी

Hindi Newsरंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल दिल्ली से गिरफ्तार

रंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल दिल्ली से गिरफ्तार

राष्ट्रीय शूटर तारा शाहदेव को धर्मांतरण के लिए प्रताड़ित करने, जबरन निकाह कराने और दहेज उत्पीड़न के आरोपी रंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल हसन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार देर रात सरोजनी नगर इलाके...

रंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल दिल्ली से गिरफ्तार
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 27 Aug 2014 01:34 AM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय शूटर तारा शाहदेव को धर्मांतरण के लिए प्रताड़ित करने, जबरन निकाह कराने और दहेज उत्पीड़न के आरोपी रंजीत सिंह कोहली उर्फ रकीबुल हसन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार देर रात सरोजनी नगर इलाके से रांची पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से उसे पकड़ा।

कोहली की मां कौशल रानी को भी गिरफ्तार किया गया है। उसे बुधवार को दिल्ली की अदालत में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया जाएगा। इसके बाद पुलिस की टीम उसे लेकर रांची आएगी। एसएसपी प्रभात कुमार ने रंजीत सिंह कोहली की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

मां-बेटे की गिरफ्तारी में रांची पुलिस की टीम को दिल्ली पुलिस ने भी काफी मदद की। एसएसपी प्रभात कुमार ने कोहली को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम का गठन किया था। टीम की अगुवाई सिटी एसपी अनूप बिरथरे कर रहे थे। इस टीम में सुखदेवनगर थाना प्रभारी रंधीर कुमार और लालपुर थानेदार शैलेश प्रसाद शामिल हैं।

पूरे मामले की मॉनिटरिंग डीजीपी राजीव कुमार कर रहे थे। डीआइजी प्रवीण कुमार ने भी कई निर्देश अफसरों को जारी किए।

क्या है आरोप
हिंदपीढ़ी थाने में तारा शाहदेव ने अपने पति रंजीत कोहली और सास कौशल रानी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जबरन धर्मांतरण और शारीरिक, मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने रंजीत के दो किराए के मकान को सर्च भी किया था। अशोकनगर का मकान फिलहाल सील है। इस मामले में सोमवार को रांची बंद का भी आह्वान किया गया था।

खुद को बार-बार बताया निर्दोष
पकड़े जाने के बाद पुलिस के अधिकारियों ने कोहली उर्फ रकीबुल से पूछताछ की। इस दौरान वह खुद को निर्दोष बताता रहा। इससे पहले उसने एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि उसके खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है।

सीआईडी जांच शुरू
इस बीच इस चर्चित मामले की सीआइडी जांच शुरू हो गई है। मंगलवार को सीआइडी की टीम डीएसपी कृष्णा राय के नेतृत्व में किशोरगंज स्थित तारा शाहदेव के घर गई। टीम के अधिकारियों ने तारा शाहदेव से करीब दो घंटे तक पूछताछ की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें