फोटो गैलरी

Hindi Newsदो राज्यों में प्रथम चरण के चुनाव की पल-पल की खबर

दो राज्यों में प्रथम चरण के चुनाव की पल-पल की खबर

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से पहले चरण का चुनाव संपन्न हो गया। इस दौरान कुल 61.92 प्रतिशत मतदान...

दो राज्यों में प्रथम चरण के चुनाव की पल-पल की खबर
Tue, 25 Nov 2014 06:26 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड लाइव

शाम 5 बजे

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से पहले चरण का चुनाव संपन्न हो गया। इस दौरान कुल 61.92 प्रतिशत मतदान हुआ। कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों को नुकसान पहुंचाने की छिटपुट घटनाएं हुईं। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि वोट प्रतिशत बाद में अद्यतन किया जा सकता है।

शाम 4 बजे 
झारखंड में पहले चरण में नक्सल प्रभावित 13 विधानसभा क्षेत्रों से छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण मतदान की खबर है। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके जाजोरिया ने बताया कि बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे। इन क्षेत्रों में पिछले चुनावों की तुलना में मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से 13 सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ था, वहीं जम्मू कश्मीर के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान 8 बजे से शुरू हुआ था।

 
दोपहर बाद 3.00 बजे तक
डालटनगंज में  65.27%,  पांकी में 63% ,   छतरपुर  में 60%, हुसैनाबाद में 67%, विश्रामपुर  में 62%, लातेहार  में 60%, मनिका  में 58%, गुमला में 58%, विशुनपुर  में 59%, चतरा में 56%, लोहरदगा  में 68%, गढ़वा में 63% और भवनाथपुर में  67% मतदान हुआ।

दोपहर 2:55 बजे
पलामू के विश्रामपुर में कांग्रेस प्रत्‍याशी अजय दुबे पर हमला, निर्दलीय उम्‍मीदवार अंजू देवी के समर्थकों ने किया कांग्रेस प्रत्‍याशी अजय दुबे पर हमला।

दोपहर 1:59 बजे
पलामू जिले के पांकी विधानसभा सीट के चक इलाके में एक बूथ पर बम होने की सूचना के बाद मतदान स्‍थल बदला।

दोपहर 1:55 बजे
लातेहार के संत इग़नाश‍ियुस स्‍कूल के बूथ पर पीठासीन अफसर बेहोश हुए।

दोपहर 1:52 बजे
लातेहार बेसिक स्‍कूल में वोट देने गए उपायुक्‍त को पीठासीन पदा‍धिकारी ने वोट देने से रोका, वहां डीसी का बूथ नहीं था।

दोपहर 1:49 बजे
लोहरदगा के अति उग्रवाद प्रभावित रोरद बूथ पर भारी उत्‍साह के साथ मतदान, वोटरों की लंबी कतारें लगीं।

दोपहर 1:45 बजे
दोपहर 1 बजे तक डालटनगंज में 49, पांकी में 55, छतरपुर में 50, हुसैनाबाद में 57, विश्रामपुर में 52, लातेहार में 49, मनिका में 45, गुमला में 46, विशुनपुर में 45, चतरा में 42, लोहरदगा में 38, गढ़वा में 47 और भवनाथपुर में 57 प्रतिशत मतदान।

दोपहर 1:20 बजे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ''जम्मू एवं कश्मीर और झारखंड में मतदान हो रहे हैं, मैं अपने भाइयों और बहनों से घर से बड़ी संख्या में बाहर निकल कर मतदान करने की अपील करता हूं। मैं जम्मू एवं कश्मीर और झारखंड के अपने युवा दोस्तों से बड़ी संख्या में बाहर आकर मताधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान करता हूं। "

दोपहर 12:52 बजे
चतरा में दो गांवों के लोगों ने किया मतदान का बहिष्कार।

दोपहर 12:30 बजे
सुबह 11:30 बजे तक डालटनगंज में 32, पांकी में 31, छतरपुर में 35, हुसैनाबाद में 27, विश्रामपुर में 35, लातेहार में 23, मनिका में 16, गुमला में 22, विशुनपुर में 29, चतरा में 32, लोहरदगा में 35, गढ़वा में 30 और भवनाथपुर में 28 प्रतिशत मतदान।

सुबह 11:50 बजे
पलामू जिले के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के पाल्हे बूथ 191 और 192 पर रीपोल की अपील की गई है। यहां राजद और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में विवाद हुआ था और उसके बाद ईवीएम तोड़ दी गई थीं। राजद के मनोज कुमार भुईंयां और बीजेपी के राधाकृष्ण किशोर के समर्थकों में झड़प हुई थी।

सुबह 11:10 बजे
हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के चार स्थानों पर बम विस्फोट की साजिश नाकाम हो गई। एएसपी कन्हैया सिंह के मुताबिक हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा, अररुआ, विशुनपुर और तूरी बूथ पर बम रखे गए थे। इनका पता चलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने इन्हें निष्क्रिय कर दिया। बूथों पर देरी से कड़े सुरक्षा प्रबंधों में मतदान शुरू हो गया है।

सुबह 11:00 बजे
छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के पहलेकला गांव में बूथ नं.191 और 192 पर युवकों ने ईवीएम तोड़ दीं। यहां दो पक्षों में विवाद हो गया था। ये युवक मतदान रोकने का प्रयास कर रहे थे। इस घटना की निर्वाचन अधिकारी ने पुष्टि की है।

सुबह 10:45 बजे
हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के कुर्मीपुर बूथ पर एनसीपी और बीएसपी के कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई है। इसमें बीएसपी के दो कार्यकर्ता हरिचरण मेहता और बसंती देवी घायल हो गए हैं।

सुबह 10:30 बजे
सुबह 10 बजे तक पलामू में 15, डालटनगंज में 18, पांकी में 13, छतरपुर में 17, हुसैनाबाद में 11, विश्रामपुर में 12, लातेहार में 12, मनिका में 10, गुमला में 12, विशुनपुर में 11, चतरा में 15, लोहरदगा जिला में 11, लोहरदगा शहर में 20, गढ़वा में 12 और भवनाथपुर में 8 फीसदी मतदान।

सुबह 10:25 बजे
लातेहार के बारियातू प्रखंड में जेवीएम के प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र साहू के बेटे को  पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह वोटरों के बीच पहुंचकर पैसा बांट रहे थे। यहां जेवीएम प्रत्याशी पूर्व विधयाक प्रकाशराम हैं। यह पहले आरजेडी में थे।

सुबह 9:55 बजे
गुमला में नौ बजे तक 12 फीसदी वोट पड़े, विशुनपुर में 11 प्रतिशत वोटिंग।

सुबह 9:45 बजे
लोहरदगा में शहर में 20 फीसदी, जिले में 11 प्रतिशत मतदान। लोहरदगा के नक्सल प्रभावित खड़िया के 19 नंबर बूथ पर डेढ़ घंटे देरी से सुबह साढ़े आठ बजे मतदान शुरू हो सका। यहां पोलिंग पार्टियां पैदल रवाना हुई थीं।

सुबह 9:25 बजे
पलामू के हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के हरिहरगंज डेमा मिडिल स्कूल बूथ पर दो लैंड माइन के डिब्बे बरामद हुए हैं। यहां देरी से मतदान शुरू हो सका।

सुबह 9:05 बजे
पलामू के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में नौजवान संघर्ष मोर्चो के प्रत्याशी भाई गोविंद सिंह पर दो बाइक सवारों ने गोलियां चलाईं, बाल-बाल बचे। गाड़ी पर लगीं गोलियां। घटनास्थल पांडू थना क्षेत्र में आता है।

सुबह 8:59 बजे
लातेहार जिले के मनिका सीट के नेतरहाट थाने के बराही बूथ पर अभी तक मतदान शुरू नहीं हो सका है। नक्सलियों के आतंक के चलते यहां लोग वोट डालने नहीं जा रहे हैं।

सुबह 8:25 बजे
महुआडांड़ के असनारी बूथ पर ईवीएम खराब रहने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सकता है।

सुबह 7:55 बजे
मेदिनीनगर में पांडु थाना क्षेत्र के ऊटारी और डेवडर बिंदुआ गांव के बीच सुबह नौजवान संघर्ष मोर्चा के प्रत्याशी पर गोली चलने की सूचना है। यह विश्रामपुर विधान सभा क्षेत्र में पड़ता है, जहां से मजदूर नेता और पूर्व मंत्री ददई दूबे का बेटा चुनाव लड़ रहा है।

सुबह 7:49 बजे
लोहरदगा में कई बूथों पर वोटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए पहले पहुंचे वोटरों और पहला वोट डालने वालों को मजिस्ट्रेट ने गुलाब का फूल देकर स्वागत किया।

सुबह 7:35 बजे
लोहरदगा के बूथ नंबर 19 पर 7.30 बजे तक पोलिंग पार्टियां नहीं पहुंची थीं। इसको लेकर मतदाताओं में नाराजगी दिखी।

सुबह 7:22 बजे
गढ़वा कंट्रोल रूम की सूचना के अनुसार सभी 894 बूथ पर मतदान चल रहा है।

सुबह 7:15 बजे
मेदिनीनगर में हरिहरगंज थाने के अररुआ कला, डेमा, अम्बा और तूरी गांव में मतदान के लिए निकले ग्रामीणों ने लैंडमाइंस लगे होने की सूचना दी। इसपर पुलिस टीम सक्रिय हो गई। यह इलाका हुसैनाबाद विधानसभा में पड़ता है, जो बिहार का सीमावर्ती क्षेत्र है।

सुबह 7:00 बजे
झारखंड में पहले चरण के लिए 13 विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू।

सुबह 6:15 बजे
पलामू में 6.15 बजे मॉक ड्रिल हुआ। यहां के कई इलाके घोर नक्सल प्रभावित हैं, इसलिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
 
झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में से 13 सीटों के लिए मतदान आज कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे शुरू हो गया। ये निर्वाचन क्षेत्र माओवाद से प्रभावित छह जिलों के अंतर्गत आते हैं। इस चरण के चुनावों में कुल 33,61,938 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें से 15,77,090 महिला मतदाता हैं। आज की चुनावी दौड़ में कुल 199 उम्मीदवार हैं, जिनमें 18 महिलाएं हैं। ये सभी 13 सीटें माओवाद से प्रभावित छह जिलों- पलामू, गुमला, लोहरदगा, चतरा, गढ़वा और लातेहार में आती हैं।

निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, मतदान दोपहर तीन बजे तक चलेगा। विभिन्न दलों के 10 मौजूदा विधायक एक बार फिर अपने ही निर्वाचन क्षेत्रों से ही चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। कई पूर्व विधायक भी इस चुनावी दौड़ में शामिल हैं। झारखंड ग्रामीण विकास मंत्री कृष्णा नंद त्रिपाठी (कांग्रेस) हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल के एकमात्र ऐसे मंत्री हैं, जो डाल्टनगंज से चुनाव लड़ रहे हैं।

भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में जमानत पर चल रहे पूर्व मंत्री कमलेश सिंह (राकांपा) और भानू प्रताप शाही (नौजवान संघर्ष मोर्चा) क्रमश: हुसैनाबाद और भवनाथपुर निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व मंत्री सुधा चौधरी (जदयू-छतरपुर), राधा कृष्ण किशोर (भाजपा-छतरपुर) और गिरिनाथ सिंह (गढ़वा-राजद की झारखंड इकाई के प्रमुख) भी चुनावी दौड़ में शामिल हैं।

सोरेन सरकार को समर्थन देने वाली राजद ने भी अपने सात उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे थे लेकिन उसके एक उम्मीदवार का नामांकन रद्द हो गया था। अपने 12 उम्मीदवार उतारने वाली भाजपा ने अपने चुनाव पूर्व सहयोगी आजसू दल को एक सीट दे दी थी। भाजपा ने अपने अपने मौजूदा विधायक हरिकृष्ण सिंह को मणिका (एसटी) से फिर से चुनावी मैदान में उतारा।

जेवीएम ने अपने 11 उम्मीदवार उतारे हैं और वह गुमला एवं मनिका निर्वाचन क्षेत्रों से तणमूल कांग्रेस के दो उम्मीदवारों को अपना समर्थन दे रही है। चुनावी मैदान में उतरने वाले अन्य दलों में बसपा ने 12, भाकपा ने छह, माकपा ने दो, कांग्रेस ने सात, राकांपा ने पांच, आजसू पार्टी ने एक, तृणमूल कांग्रेस ने दो और राजद ने छह उम्मीदवार खड़े किए हैं। इसके अलावा 72 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी दौड़ में शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर लाइव

दोपहर 3:00 बजे
बांडीपुरा जिले के गुरेज निर्वाचन क्षेत्र में पहले दो घंटे में सर्वाधिक 24 फीसदी मतदान हुआ। इसी अवधि में गांदरबल के कंगन विधानसभा क्षेत्र में 18.50 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला।

दोपहर 2:49 बजे
शुरू के दो घंटे में बांडीपुरा विधानसभा सीट पर 15.44 फीसदी, बनिहाल विधानसभा क्षेत्र में 14.82 फीसदी, रामबन निर्वाचन क्षेत्र में 14.56 फीसदी, डोडा और भदरवाह सीटों पर 14-14 फीसदी तथा गांदरबल में 13.69 फीसदी मतदान हुआ।

दोपहर 2:36 बजे
कारगिल और लेह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत कम रहा। वहां न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से 10 डिग्री नीचे है। कारगिल और लेह विधानसभा क्षेत्रों में क्रमश: चार फीसदी तथा 6.27 फीसदी मतदान हुआ।

दोपहर 2:29 बजे
लद्दाख क्षेत्र में आने वाली नोबरा विधानसभा सीट पर 9.50 फीसदी वोट डाले गए। अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में औसतन 15 फीसदी मतदान हुआ।

दोपहर 2:20 बजे
वर्ष 2008 के पिछले विधानसभा चुनाव में औसतन 60 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था।

दोपहर 1:55 बजे
गांदरबल और बांडीपुरा जिलों की छिटपुट हिंसक घटनाओं को छोड़कर राज्यभर में स्थिति कमोबेश शांतिपूर्ण है।

दोपहर 1:45 बजे
बांडीपुरा के नौपाड़ा इलाके में तथा सोनावारी के नौडखाई में दो मतदान केंद्रों पर संदिग्ध आतंकवादियों ने गोले दागे, लेकिन विस्फोटों से कोई नुकसान नहीं पहुंचा। धमाकों के बाद भी मतदान शांतिपूर्ण चलता रहा, क्योंकि ग्रेनेड मतदान केंद्रों से कुछ दूर फटे।

दोपहर 1:29 बजे
गांदरबल के बारसू इलाके में पीडीपी समर्थकों की नेशनल कांफ्रेंस के समर्थकों के साथ झड़प हुई, जिससे एक व्यक्ति मामूली रूप से जख्मी हो गया।

दोपहर 1:20 बजे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ''जम्मू एवं कश्मीर और झारखंड में मतदान हो रहे हैं, मैं अपने भाइयों और बहनों से घर से बड़ी संख्या में बाहर निकल कर मतदान करने की अपील करता हूं। मैं जम्मू एवं कश्मीर और झारखंड के अपने युवा दोस्तों से बड़ी संख्या में बाहर आकर मताधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान करता हूं।"

सुबह 11:52 बजे
जम्मू एवं कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मंगलवार को गांदेरबल जिले में हो रहे मतदान में कड़ाके की ठंड के बावजूद मतदाताओं, खासतौर से युवा मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में युवा मतदाता मतदान केंद्रों पर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

सुबह 11:42 बजे
जिले की कंगन विधानसभा सीट के हरिगनिमेन मतदान केंद्र पर पारंपरिक कश्मीरी परिधान पहने बहुत से युवाओं को मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारबद्ध देखा गया।

सुबह 11:32 बजे
बांडीपुरा और पास के सोनवार में पहले घंटे में क्रमश: चार और 6.5 प्रतिशत मतदान हुआ।

सुबह 11:30 बजे
कंगन विधानसभा क्षेत्र में पहले घंटे में छह प्रतिशत मतदान हुआ। उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास स्थित गुरेज में सर्द सुबह के बावजूद 9.5 प्रतिशत मतदान हुआ।

सुबह 11:28 बजे
पिछले चार दशक तक अब्दुल्ला परिवार का गढ़ रहे प्रतिष्ठित गांदरबल क्षेत्र में शुरुआती एक घंटे में पांच प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

सुबह 11:25 बजे
सोनवार के नईदखाई और बांडीपुरा के नौपोरा में पुलिस चौकी के पास ग्रेनेड हमले की खबरें मिली थीं, लेकिन पुलिस ने इन घटनाओं को टायर का फटना करार दिया। हालांकि पुलिस की यह बात मतदान केंद्र की सुरक्षा में लगे सीआरपीएफ के सुरक्षाकर्मियों द्वारा बताई गई बात से अलग है। अधिकारियों ने कहा कि दोनों ही क्षेत्रों में ग्रेनेडों का निशाना चूक गया और इनके विस्फोट में कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि मतदान जारी है।

सुबह 11:22 बजे
बांडीपुरा और सोनवार में मतदान प्रभावित करने के कुछ छिटपुट प्रयासों के अलावा मतदान निर्बाध रूप से चल रहा है। लोग धीरे-धीरे अपने घरों से बाहर आ रहे हैं।

सुबह 11:20 बजे
अलगाववादी समूह हुर्रियत कांफ्रेंस के सभी धड़ों और जेकेएलएफ ने चुनाव के बहिष्कार और आम हड़ताल का आहवान किया है।

सुबह 11:18 बजे
जम्मू-कश्मीर में हिंसा मुक्त चुनाव कराना सेना के लिए एक बड़ा मुश्किल काम है, इसी को देखते हुए सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कुछ आतंकी समूहों ने राज्य में चुनावों के बहिष्कार का आहवान किया हुआ है। पांच चरणों में होने वाले विधानसभा चुनावों में आज प्रथम चरण में जम्मू-कश्मीर की 15 सीटों पर मतदान जारी है।

सुबह 11:10 बजे
जम्मू-कश्मीर में आज जारी प्रथम चरण के मतदान के दौरान सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। सुहाग अपने दौरे की शुरूआत श्रीनगर से करने वाले हैं और उनके देर शाम तक राष्ट्रीय राजधानी लौट आने की उम्मीद है।

सुबह 11:00 बजे
जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है मतदान।

सुबह 9:00 बजे
सर्द मौसम के बावजूद मतदान केंद्रों पर लगी कतार।

सुबह 8:00 बजे
जम्मू कश्मीर के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान 8 बजे से शुरू हुआ।

जम्मू-कश्मीर के पांच चरणीय चुनावों के पहले चरण के तहत आज राज्य के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में तेज मतदान शुरू हो गया। सर्द मौसम के बावजूद मतदाता मतदान शुरू होने से काफी समय पहले से ही मतदान केंद्रों पर कतारों में लग गए। 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आज हो रहे इस चुनाव में 12 मौजूदा विधायक समेत कुल 123 उम्मीदवार चुनावी दौड़ में शामिल हैं। इन 12 मौजूदा विधायकों में सात मंत्री भी हैं। इस चरण के तहत राज्य के तीनों क्षेत्रों में मतदान होना है।

जम्मू खंड के छह निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। वहीं कश्मीर के पांच और लद्दाख के चार निर्वाचन क्षेत्रों के लोग भी अपने चुनावी उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। जम्मू में जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है उनमें किश्तवाड़, इंदरवाल, डोडा, भादेरवाह, रामबन और बनिहाल शामिल हैं। कश्मीर के गुरेज, बांडीपुरा, सोनावार, कंगन और गांदरबल में और लददाख के नोबरा, लेह, कारगिल एवं जंस्कार में भी आज ही मतदान होना है।

पहले चरण के चुनावों में राज्य के कुल 10,502,50 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें 5,49,698 पुरुष और 5,00,539 महिला और 13 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। कुल 15 निर्वाचन क्षेत्रों में भदरवाह में मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक यानी 1,04,354 है जबकि लददाख के नोबरा में मतदाताओं की संख्या सबसे कम यानी 13,054 है। निर्वाचन अधिकारियों ने इन 15 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 1900 मतदान केंद्र बनाए हैं।

बांडीपुरा, गांदरबल और भदरवाह में उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है। तीनों क्षेत्रों में 13-13 उम्मीदवार चुनावी दौड़ में हैं। लेह में उम्मीदवारों की संख्या सबसे कम है। यहां सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। गुरेज से चार, सोनवार से सात, कंगन से 10, नोबरा और बनिहाल से छह-छह, कारगिल और जंस्कार से चार-चार, किश्तवाड़ से 10, इंदरवाल से 12, डोडा से 11 और रामबन से आठ उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

पहले चरण के इस चुनाव में जो सात मंत्री एक बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं, उनमें नजीर अहमद खान गुरेजी (गुरेज), मोहम्मद अकबर लोन (सोनवार), मियां अल्ताफ (कंगन), सजाद किचलू (किश्तवाड़), अब्दुल माजिद वानी (डोडा), नवांग रिग्जिन जोआ (लेह) और विकार रसूल वानी (बनिहाल) शामिल हैं।

इन मंत्रियों के अलावा पांच अन्य मौजूदा विधायक भी पहले चरण के चुनाव में दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। पीडीपी के निजामुददीन भट्ट (बांडीपुरा), कांग्रेस के गुलाम मोहम्मद सरूरी (इंदरवाल), शरीफ नियाज (भदरवाह), अशोक कुमार (रामबन) और नेशनल कांफ्रेंस के टी़ नामग्याल (नोबरा) वे मौजूदा विधायक हैं, जो एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रथम चरण के इस चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी समेत कई स्टार प्रचारकों ने अपनी पाटी के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। मोदी ने किश्तवाड़ में रैली को संबोधित किया। राजनाथ सिंह ने लेह और भदरवाह निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश की। जबकि पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने रामबन में चुनाव प्रचार किया। सोनिया ने बांडीपुरा और रामबन में दो रैलियों को संबोधित किया जबकि बॉलीवुड अभिनेता से नेता बने राज बब्बर ने बांडीपुरा, सोनवार और गांदरबल निर्वाचनक्षेत्रों में रैलियों को संबोधित किया।

देखिए झारखंड के बेखौफ वोटरों का जोश

मतदान के लिए पहुंचे वोटर।photo1

अल सुबह ही वोट डालने पहुंची महिला।photo2

मतदाताओं को जागरुक करने में लगे शहर के युवक।photo3

मोहम्मदगंज में सुबह से लगीं कतारें।photo4

हुसैनाबाद में मतदान करने पहुंचे पूर्व मंत्री कमलेश सिंह।photo5

अति उग्रवाद प्रभावित इलाके के मतदान की लाइव फोटो

गुमला और बसिया के सीमावर्ती इलाके की मुरकुंडा बूथ पर मतदान चल रहा है। यहां पहले वोट डालने गए मतदाताओं का फूल देकर स्वागत किया गया।photo6

गुमला और बसिया के सीमावर्ती इलाके की मुरकुंडा बूथ पर मतदान चल रहा है।photo7

मतदान के दौरान परमवीर अलवर्ट एक्का चौक गुमला पर सन्नाटा छाया रहा।photo8

गुमला और बसिया के सीमावर्ती इलाके की मुरकुंडा बूथ पर मतदान चल रहा है। यहां पहले वोट डालने गए मतदाताओं का फूल देकर स्वागत किया गया।photo9

गुमला और बसिया के सीमावर्ती इलाके की मुरकुंडा बूथ पर मतदान चल रहा है। यहां पहले वोट डालने गए मतदाताओं का फूल देकर स्वागत किया गया।photo10

गुमला और बसिया के सीमावर्ती इलाके की मुरकुंडा बूथ पर मतदान चल रहा है।photo11

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें