फोटो गैलरी

Hindi Newsदिवाली पर बड़े अधिकारियों के घर नहीं जाएंगे पुलिसकर्मी

दिवाली पर बड़े अधिकारियों के घर नहीं जाएंगे पुलिसकर्मी

दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि वे दिवाली के अवसर पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों के घर न जाएं। अब तक पुलिसकर्मी दिवाली के अवसर पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों के...

दिवाली पर बड़े अधिकारियों के घर नहीं जाएंगे पुलिसकर्मी
एजेंसीSun, 19 Oct 2014 11:57 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि वे दिवाली के अवसर पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों के घर न जाएं। अब तक पुलिसकर्मी दिवाली के अवसर पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों के घर जाते रहे हैं।

बुधवार को जारी सर्कुलर में बस्सी ने कांस्टेबल से लेकर विशेष आयुक्त तक सभी पुलिसकर्मियों से कहा है कि वे अपने वरिष्ठ अधिकारियों के घर उपहार के साथ या उपहार के बिना और यहां तक कि फूल भी लेकर न जाएं।
     
दिल्ली पुलिस मुख्यालय से जारी सर्कुलर में कहा गया कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे दीपावली के अवसर पर किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के घर उपहारों के साथ या बिना और यहां तक कि फूलों के गुलदस्ते भी लेकर न जाएं। इन निर्देशों का उल्लंघन प्रतिकूल तरीके से लिया जाएगा।
     
ये निर्देश यह सुनिश्चित करने के लिए जारी किए गए हैं कि पुलिसकर्मी अपने वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों पर जाने के बजाय कानून और व्यवस्था के प्रबंध देखने के लिए तैनात रहें। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि यह आदेश कांस्टेबल से लेकर विशेष आयुक्त तक, हर एक पर लागू है। ऐसा अक्सर होता आया है, जब पुलिसकर्मी अपनी मौजूदगी अपने वरिष्ठ अधिकारियों के घर पर दर्ज कराना चाहते हैं, फिर चाहे इसके लिए उन्हें डयूटी छोड़कर ही क्यों न जाना पड़े।
    
इस चलन से वरिष्ठ अधिकारियों को भी परेशानी होती थी। ये निर्देश इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि इस तरह की चीजें दोहराई न जाएं। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं ताकि शहर में बिना किसी व्यवधान के त्योहार मनाए जा सकें। व्यस्त बाजारों में सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने बाजार संघों के साथ कई बैठकें की हैं।

बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जबकि दिल्ली पुलिस के कमांडो समेत अतिरिक्त पुलिसबल को रणनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। यातायात पुलिस ने भी त्योहार से पहले बढ़ने वाले यातायात आवागमन का प्रबंधन करने के लिए शहर की सड़कों पर अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। ये तैनातियां विशेषकर दक्षिणी और मध्य दिल्ली के बाजारों के आसपास की गई हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें