फोटो गैलरी

Hindi Newsठेकेदार समय से काम पूरा करें नहीं तो जाएंगे जेलः मांझी

ठेकेदार समय से काम पूरा करें नहीं तो जाएंगे जेलः मांझी

बांका के बौंसी में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि मुझे विकास कार्य में विलंब और कोताही रत्ती भर भी बर्दाश्त नहीं। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में लगी एजेंसी और...

ठेकेदार समय से काम पूरा करें नहीं तो जाएंगे जेलः मांझी
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 22 Jan 2015 09:18 PM
ऐप पर पढ़ें

बांका के बौंसी में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि मुझे विकास कार्य में विलंब और कोताही रत्ती भर भी बर्दाश्त नहीं। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में लगी एजेंसी और ठेकेदार समय सीमा में काम पूरा नहीं करते हैं तो एफआईआर दर्ज कर उनको तुरंत जेल भेजें।

मुख्यमंत्री गुरुवार को मंदार पर्वत की तराई में स्थित अद्वैत मिशन स्कूल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मंदार पर्वत पर करीब आठ करोड़ की राशि से बननेवाले रोपवे निर्माण का रिमोट से शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री श्री मांझी ने कहा कि रोपवे निर्माण के लिए विभाग की ओर से 18 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। वह चाहेंगे कि यह काम एक साल के अंदर ही पूरा हो। इसमें जिस स्तर पर दिक्कत आएगी उसे दूर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मंदार में रोपवे निर्माण, सौंदर्यीकरण और पर्वत पर पर्यटकों की सुविधा के लिए 16 करोड़, 53 लाख 74 हजार रुपये खर्च कर रही है। जो काम आज तक नहीं हो सका उनकी सरकार ने कर दिखाया।

पहले से अधिक खर्च हो रही बजट राशि: मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि पहले बिहार में बजट का 30 से 45 प्रतिशत ही खर्च हो पाता था। लेकिन चालू वित्तीय वर्ष में दिसम्बर माह तक 58 प्रतिशत बजट राशि खर्च कर दी गई है। इससे बिहार का तेजी से विकास हुआ है। लेकिन अफसोस की बात है कि केन्द्र सरकार बिहार की बजट राशि में हर साल कटौती कर रही है।

पर्यटन के जरिए विकास पर जोर: मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि बिहार में पर्यटन को अब और बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए बजट में अतिरिक्त राशि का भी प्रावधान किया जाएगा। फिलहाल हर साल इस क्षेत्र में 400 करोड़ खर्च हो रहे हैं जिसे बढमकर 500 सौ करोड़ किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इस राशि को और भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में सालाना एक करोड़ पर्यटक आते थे लेकिन अब इसकी संख्या बढ़कर 2.5 करोड़ तक पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लोग प्रत्येक साल बाढ़-सुखाढ़ का सामना करते हैं। सरकार ने यह निर्णय लिया है कि इससे निबटने के लिए राज्य में टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाए। टूरिज्म के विकास से राज्य में हरियाली आएगी जिससे ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को भी टाला जा सकता है। सीएम ने कहा कि सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बौद्ध सर्किट, जैन सर्किट, गांधी सर्किट, सूफी सर्किट एवं बांका सहित पूर्व बिहार के जिलों को मिलाकर एक अलग सर्किट बनाने का निर्णय लिया है, ताकि एक पर्यटन स्थल दुसरे से जुड़ सकें।

पढ़े-लिखे लोग भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं: मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि 21 वीं सदी के दौर में बिहार के लोगों को अपनी सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। अच्छा बनने के लिए सोच, संस्कार व संस्कृति में जब तक बदलाव नहीं होगा तब तक बिहार का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे लोग ही भ्रष्टाचार और घूसखोरी को बढ़ावा देते हैं। जो निरक्षर और अनपढ़ है वह तो सीधा-सादा है। पढ़ा-लिखा जमात ही सबको भ्रष्ट बनाता है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर की घटना प्रेम विवाह का परिणाम है। कुछ लोगों ने इस घटना के पीछे राज्य के सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को बिगाड़ने का प्रयास किया है।

26 सौ गांव बनेंगे मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वैसे गांव जहां अनुसूचित जाति/जनजाति की 50 प्रतिशत आबादी बसती हो उनको चिन्हित कर उसे मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत लोगों को अंधविश्वास, शराबबंदी एवं सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा जायेगा। इस अभियान के तहत सरकार ने पहले फेज में 26 सौ गांवों का चयन किया है।

इस मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्याम रजक ने कहा कि मांझी राज्य के सुलझे और कुशल मुख्यमंत्री है। इनके कार्यकाल में बिहार आगे बढ़ रहा है। नीतीश कुमार के विकास को आगे बढ़ाने में वर्तमान मुख्यमंत्री ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे है। नगर विकास मंत्री सम्राट चौधरी, पर्यटन मंत्री जावेद इकबाल अंसारी ने भी मुख्यमंत्री के सम्मान में कसीदे गढ़े और कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में राज्य का पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों में विकास काफी आगे बढ़ा है।

सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि बिहार के लोगों को आज फख्र है कि एक गरीब घर का बेटा राज्य का मुख्यमंत्री है। गरीबों के दर्द को जीतनराम मांझी भलीभांति समझते हैं। सभा को जदयू विधायक मनीष कुमार, भाजपा विधायक सोनेलाल हेम्ब्रम, विधान पार्षद मनोज यादव, जिप अध्यक्ष श्वेता कुमारी ने भी संबोधित किया।

इस मौके पर भागलपुर के मेयर दीपक भुवानियां, बांका जदयू जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मंडल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, पूर्व विधायक रामदेव यादव, भोला प्रसाद यादव, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार, आयुक्त आरएल चौंग्थू, आईजी, डीआईजी, डीएम साकेत कुमार और एसपी डा. सत्यप्रकाश सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें