फोटो गैलरी

Hindi Newsचित्रकूट से दिल्ली पाई, वृंदावन से पाएंगे यूपी

चित्रकूट से दिल्ली पाई, वृंदावन से पाएंगे यूपी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विराट व्यक्तित्व की छांव में सूबे की समाजवादी पार्टी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए शनिवार को भाजपाइयों ने खूब ललकार लगाई। समाजवादी सरकार के खिलाफ जमकर ताल ठोकते भाजपाइयों...

चित्रकूट से दिल्ली पाई, वृंदावन से पाएंगे यूपी
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 24 Aug 2014 01:35 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विराट व्यक्तित्व की छांव में सूबे की समाजवादी पार्टी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए शनिवार को भाजपाइयों ने खूब ललकार लगाई। समाजवादी सरकार के खिलाफ जमकर ताल ठोकते भाजपाइयों ने मोदी के गुणगान के साथ सपा सरकार की खींचतान में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। ऐलान किया कि चित्रकूट से पायी दिल्ली, अब वृंदावन से पाएंगे यूपी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के उद्घाटन में ना आने से प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पहुंचे कार्यकर्ताओं का जोश ठंडा ना पड़ने देने के लिए भाजपा नेताओं ने पुरजोर कोशिश की। बिजली संकट, बढ़ते अपराध और महिलाओं पर होते अत्याचारों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जंग छेड़ने का ऐलान कर डाला। कृषि और किसानों की दुर्दशा पर दुदुंभी बजाई। वहीं यमुना मुक्तिपर सांसद हेमामालिनी के गंगा की तरह स्वच्छता अभियान को लेकर संकल्प जताने की भी बात कही।

राममंदिर समेत सभी विवादित मुद्दों से दूर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति का उद्घाटन प्रात: 11 बजे शनिवार को केंद्रीय लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने किया। यहां उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश के चुनाव में प्रत्याशी को देखने जगह पार्टी के चुनाव चिन्ह को देखें तो किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।

उनका कहना था कि भारतीय विचारधारा, समृद्घि नए समाज की स्थापना का प्रतीक है इसलिए मन के मनोमालिन्य को छोड़कर काम करेंगे तो ऐसी मानसिकता से लोग जुड़ते जाएंगे और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

अध्यक्षीय भाषण देते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि सपा सरकार लोकसभा चुनाव में हार को स्वीकार करने की जगह बदले की भावना से काम कर रही है। बिजली का संकट दिखाकर जनता को परेशान किया जा रहा है और जब केंद्र से सस्ते दर पर बिजली मिल रही है तो रिलायंस को फायदा दिलाने के लिए महंगी बिजली खरीदी जा रही है।

गिनाए वायदे और इरादे
विकास कर जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जाएंगी
आलू तथा प्याज के भंडारण की सीमा तय, जिन वस्तुओं से महंगाई बढ़ने की आशंका उनके निर्यात पर रोक लगेगी
केंद्र द्वारा पिछले तीन माह में किए गए कार्यों को गिनाते हुए कालेधन को वापस लाने को एसआईटी का गठन
विकास को बढ़ावा देने के लिए ब्रिक्स देशों के एक बैंक का गठन
गंगा को शुद्घ करने के लिए नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत 2037 करोड़ की धनराशि आबंटित
रक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए वन रैंक वन पेंशन योजना के तहत 1000 करोड़ रुपए देना

वृंदावन के बाद मिर्जापुर में पड़ाव

देश की सत्ता पर काबिज भाजपा की निगाह में कुछ धर्म स्थल खास अहमियत रखते हैं। यही वजह है कि चित्रकूट के मंथन से दिल्ली पहुंची पार्टी अब ब्रज-वृंदावन और मां विंध्यवासिनी के धाम मिर्जापुर से ऊर्जा लेकर यूपी फतह की रणनीति पर काम कर रही है।

भले ही सम्पन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा ने देश में मोदी लहर के बूते सफलता के झंडे गाड़े हों, लेकिन पार्टी इतनी बड़ी ऊर्जा के पीछे कई और कारण भी मानती है। पार्टी कमान की नजर में कुछ धार्मिक स्थल उसकी सफलता के रास्ते खोलने में शुभ माने जाते हैं।

निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गिरेगी गाज
छटीकरा मार्ग स्थित शांति सेवाधाम पर आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन के बाद प्रथम सत्र में देश व प्रदेश के हालात पर चर्चा की गयी तो दूसरे सत्र में प्रदेश भर से जिला इकाई के साथ ही विभिन्न संगठनों से प्राप्त कार्यवृत्तों पर चर्चा हुई। इस दौरान सबसे अधिक मंथन मिशन-2017 में प्रदेश की सत्ता की चाबी हासिल करने पर ध्यान केन्द्रित करते हुए संगठनात्मक मजबूती और निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाते हए सक्रिय नए व पुराने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने पर किया गया।

खामोश निगाहें कर गई संघर्ष का इशारा
सूबे भर से चुनिंदा सांगठनिक पदाधिकारी वृंदावन धाम आए। सामने राज्य से लेकर केन्द्रीय नेतृत्व के दिग्गज बैठे। उम्मीद थी कि लोकसभा चुनाव के महीनों बाद बोलेंगे तो कुछ अनुभव मिलेगा। केन्द्र की नई-नई बातें पता चलेंगी फिर अपने-अपने जिलों में जनता के बीच गुणगान करेंगे, लेकिन ए क्या। वे बोले तो कुछ नहीं। हां खामोश रहकर जाते-जाते संघर्ष का इशारा जरूर कर गए।

हम बात कर रहे हैं यूपी को चुनावी लिहाज से मथने बैठे सूबे के भाजपाई कुनबे की। वृंदावन में भाजपा का जुटान प्रदेश की सपा सरकार के खिलाफ और तेवर कड़े करने की रूपरेखा तैयार करने का मकसद है। पार्टी की कोशिश है कि जब भाजपा कार्यकर्ता यहां से उठें तो एक नई ऊर्जा के साथ। मगर पार्टी की प्लानिंग के असर से कार्यसमिति में भाग लेने आए पदाधिकारी हैरान थे।

भाग लेने आए दिग्गजों में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी, वरिष्ठ नेता विनय कटियार, केन्द्रीय कपड़ा राज्यमंत्री संतोष गंगवार, वरिष्ठ नेता लालजी टंडन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, राष्ट्रीय महासचिव रामशंकर कठैरिया और राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा शामिल हैं। सबको उम्मीद दी थी कि कम से कम चंद मिनट ही सही, लेकिन दिग्गज नेताओं के बोल सुनाई देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें