फोटो गैलरी

Hindi Newsबहाने छोडिए सेहतमंद रहिए

बहाने छोडिए सेहतमंद रहिए

बहानों की कमी हमारे पास कभी नहीं रही। खासकर, जब बात खुद से जुड़ी हुई हो। व्यायाम चूंकि हमें खुद के लिए करना है, इसलिए इसे न करने के भी हमारे पास लाखों बहाने हैं। बहानों के सहारे सेहतमंद जिंदगी का...

बहाने छोडिए सेहतमंद रहिए
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 21 Aug 2014 01:04 PM
ऐप पर पढ़ें

बहानों की कमी हमारे पास कभी नहीं रही। खासकर, जब बात खुद से जुड़ी हुई हो। व्यायाम चूंकि हमें खुद के लिए करना है, इसलिए इसे न करने के भी हमारे पास लाखों बहाने हैं। बहानों के सहारे सेहतमंद जिंदगी का सपना पूरा नहीं किया जा सकता है। फिटनेस से जुड़े बहानों से कैसे पार पाएं, बता रही हैं विनीता झा

सेहतमंद जिंदगी की बात हो तो हजारों बहाने सामने नजर आते हैं। इस किंतु-परंतु के बीच जिंदगी की गाड़ी चलती जाती है। अचानक जब झटका खाकर गाड़ी रुक जाती है, तो समझ आता है कि ओह, इसे तो देख-रेख की जरूरत थी। लेकिन तब तक देर हो चुकी होती है और कई तरह की बीमारियां हम पर हावी हो चुकी होती हैं। सेहतमंद जिंदगी के लिए शरीर, मन और आत्मा तीनों का स्वस्थ रहना जरूरी है। स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार, व्यायाम, ध्यान और योग जरूरी है। व्यायाम हर किसी के लिए एक समान रूप से अनिवार्य हैं, लेकिन व्यायाम न करने के बहाने बडे़ अजीबोगरीब होते हैं। तो आइए जानते हैं वे बहाने और उनसे उबरने के तरीके:

बहुत थकी हुई हूं
सुस्त लाइफ स्टाइल ही मोटापे की वजह है। रोजाना व्यायाम शरीर में वसा के स्तर को कम करता है और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाता है। अपने आप को बार-बार याद दिलाती रहें कि व्यायाम के बाद आप कितनी चुस्त-दुरुस्त और फुर्तीली महसूस करती हैं। ज्यादातर बैठकर कामकाज करने वाले या शारीरिक काम कम करने वाले लोगों को थकान हो सकती है। अगर टहलने जैसे व्यायाम को रोजाना नियम से किए जाएं तो इससे ऊर्जा के स्तर में बढ़ोतरी होती है और थकान कम होती है।

कोई रिजल्ट नहीं मिलता
आपको यह पता लगाना चाहिए कि आपके शरीर के अनुसार कौन-सा व्यायाम ज्यादा फायदेमंद रहेगा। शरीर को चुनौती देने के लिए अपनी दिनचर्या में बदलाव लाएं। जैसे आप योग कर सकती हैं, साइकिलिंग कर सकती हैं या कोई खेल भी खेल सकती हैं। थोड़े-थोड़े बदलाव करते रहने से धीरे-धीरे आपको नतीजे भी दिखाई देने शुरू हो जाएंगे। आप किसी प्रोफेशनल फिटनेस ट्रेनर से भी सलाह ले सकती हैं, जो रोजाना व्यायाम करने के लिए एक ऐसी सूची तैयार करके आपको देंगे जो आपके शरीर के मुताबिक होगा।

व्यायाम करने की कोई प्रेरणा नहीं है
व्यायाम को किसी काम की तरह नहीं, बल्कि ऐसे देखें कि कुछ समय आप अपने लिए निकाल रहीं हैं और मस्ती करने घर से बाहर जा रही हैं। छोटे-छोटे लक्ष्यों को पूरा करने के बाद अंदर से खुश महसूस करें। मसलन सीढियां चढ़ने पर अगर आपको थकान नहीं हुई तो आपको इस पर खुद की पीठ थपथपानी चाहिए। इसी तरह किसी दिन थोड़ी-सी ज्यादा जॉगिंग करने पर अगर आपकी सांस नहीं फूल रही है और आप खुद को फिट महसूस कर रही हैं तो आपको इसे एक उपलब्धि मानकर इस पर भी खुश होना चाहिए। अपने बारे में बेहतर महसूस करना आपको व्यायाम करने की प्रेरणा देगा।

व्यायाम करना लगता है बोरिंग
अगर आप व्यायाम करते  हुए बोर होती हैं तो इस बोरियत से बचने के लिए आपको क्रिएटिव होना पड़ेगा। अपनी एक्ससाइज की रुटीन में मजेदार चीजें जोड़ें। किक बॉक्सिंग और अफ्रीकन डांस क्लास भी फिट रहने के लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। या फिर वर्कआउट के लिए एक साथी की तलाश करें ताकि आप एक्ससाइज के दौरान भी एंजॉय कर सकें। यकीनन, रोज-रोज एक ही पार्क के ट्रैक पर जॉगिंग करना, एक जैसे व्यायाम करना बोरिंग होता है। व्यायाम से जुड़ी अपनी दिनचर्या में बदलाव लाएं ताकि व्यायाम का ज्यादा-से-ज्यादा लाभ मिले। हफ्ते में दो-तीन दिन टहलें। इसके अलावा साइकिलिंग, बैडमिंटन, डांसिंग, तैराकी, योग, स्ट्रेचिंग, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जैसे कई विकल्प हैं। जॉगिंग पसंद न हो तो ब्रिस्क वॉक करें।

बहुत ज्यादा व्यस्त हूं 
जैसे आप अन्य जरूरी काम के लिए किसी भी हाल में वक्त निकालती हैं, ठीक ऐसे ही व्यायाम के लिए वक्त निकालें। हर सुबह जब आप ये सोचती हैं कि आज क्या-क्या करना है तो उस सूची में व्यायाम को भी जरूर शामिल करें। काम का बोझ बहुत ज्यादा हो जाए तो भी व्यायाम के लिए वक्त जरूर निकालें। व्यायाम करने से आपकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और तनाव कम होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें