फोटो गैलरी

Hindi Newsआपसे दूर रहेगी पाचन की समस्या

आपसे दूर रहेगी पाचन की समस्या

पाचन की समस्या आज बेहद आम हो गई है। बड़ों से साथ-साथ युवा वर्ग भी इसकी चपेट में तेजी से आ रहा है। हर दूसरा व्यक्ति आए दिन पाचन की समस्या का सामना कर रहा है। आज की जीवनशैली और अनियमित खान-पान इस...

आपसे दूर रहेगी पाचन की समस्या
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 29 Aug 2014 10:49 AM
ऐप पर पढ़ें

पाचन की समस्या आज बेहद आम हो गई है। बड़ों से साथ-साथ युवा वर्ग भी इसकी चपेट में तेजी से आ रहा है। हर दूसरा व्यक्ति आए दिन पाचन की समस्या का सामना कर रहा है। आज की जीवनशैली और अनियमित खान-पान इस समस्या को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस समस्या से दूर रहने के उपाय बता रहे हैं प्रसन्न प्रांजल

आज की जीवनशैली में लोग सेहत से ज्यादा अपने काम को तवज्जो देने लगे हैं। अनियमित जीवनशैली और खान-पान में सही से ध्यान नहीं देने पर उसका बुरा प्रभाव पाचन तंत्र पर ही पड़ता है। घंटों एक ही जगह बैठ कर काम करना, जल्दी-जल्दी खाने के चक्कर में फास्ट फूड या जंक फूड खा लेना, बिगड़ी हुई दिनचर्या, कम शारीरिक श्रम करना, काम का तनाव और पूरी नींद नहीं लेना आज के लोगों की आदतों में शुमार हो गया है। इनकी वजह से अधिकांश लोगों का पाचन तंत्र ठीक से काम करना बंद कर देता है। इस कारण आए दिन बदहजमी, कब्ज जैसी परेशानियों का शिकार होना पड़ता है।

पाचन तंत्र शरीर के लिए आवश्यक
अच्छा स्वास्थ्य अच्छे पाचनतंत्र की देन है। हम जो भी खाना खाते हैं, उसे सही रूप से शरीर में पहुंचाने का काम हमारा पाचन तंत्र ही करता है। पाचन तंत्र खाने को ऊर्जा के रूप में बदल कर शरीर को पोषण और शक्ति प्रदान करता है और हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है। पाचन तंत्र में गड़बड़ी होने से हम जो भी खाते हैं, उसे सही से पचा नहीं पाते। इस वजह से शरीर को आवश्यक विटामिन्स और मिनरल्स नहीं मिल पाते। इससे हमारे शरीर में हानिकारक तत्व बढ़ने लगते हैं, साथ ही इम्यून सिस्टम भी धीरे-धीरे काम करना बंद कर देता है।

आती है कब्ज की समस्या
अगर पाचन क्रिया सही नहीं हो तो कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कब्ज पाचन तंत्र का सबसे प्रमुख विकार है। अगर यह पुराना हो जाता है तो कई तरह की परेशानियों को पैदा कर देता है। पाचन में समस्या होने पर कब्ज के अलावा अल्सर, गैस की समस्या, लीवर संबंधी तकलीफ और पेट संबंधी कई विकारों का सामना करना पड़ सकता है। इनमें से किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर व्यक्ति के लिए एक के बाद एक मुसीबतें बढ़ने लगती हैं। अगर समय रहते इन पर ध्यान न दिया जाए तो यह जानलेवा बीमारियों का कारण बन सकता है।

खाने में ये रहेगा बेहतर
खाने में ज्यादा से ज्यादा फलों का इस्तेमाल करना चाहिए। फलों में बेल, पपीता, अनार, आम, अंजीर, अमरूद, नाशपाती और संतरे का सेवन करना बेहतर रहेगा। इनमें फाइबर होता है, जो पेट साफ करने का काम करता है और पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां, पालक, मेथी, टमाटर व नीबू बेहतर पाचन तंत्र के लिए सर्वोत्तम हैं। ये कब्ज जैसी समस्या को जड़ से खत्म करने का काम करते हैं और शरीर में आवश्यक पोषक तत्वों की भरपाई भी करते हैं।
अंकुरित चना, मूंग, गेहूं और जौ के आटे से बनी रोटियां खाने से फायदा होगा।
ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। पानी पीने से पेट साफ रहता है, पाचन तंत्र सही रहता है और कब्ज या किसी अन्य विकार का सामना नहीं करना पड़ता।

व्यायाम व योग है जरूरी
नियमित रूप से योग व व्यायाम करने से पाचनतंत्र की समस्या आपसे कोसों दूर रहेगी। कुछ समय के लिए मॉर्निग वॉक और ईवनिंग वॉक करना भी बेहद फायदेमंद रहेगा। इसके अलावा हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि खाना खाने के बाद कुछ समय के लिए टहल लें या 5-10 मिनट के लिए लेट कर विश्राम कर लें। चाहें तो आप खाने के बाद तीन-चार मिनट के लिए वज्रासन की मुद्रा में बैठ जाएं। वज्रासन करना पाचन तंत्र को दुरुस्त करने में काफी मददगार साबित होता है। वज्रासन करने के लिए नमाज पढ़ने की मुद्रा में पैरों के बल बैठ जाएं। शरीर का भार पंजों, एडियों और पैर पर छोड़ दें। दोनों हाथों को सामने घुटने पर रखें। लंबी सांसें लें और छोड़ें। नियमित रूप से ऐसा करने से कभी भी पाचन की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा त्रिकोणासन, पश्चिमोत्तानासन और पवनमुक्तासन भी काफी फायदेमंद होता है।

संतुलित जीवनयापन जरूरी
संतुलित जीवनयापन अपना कर पाचनतंत्र में होने वाली समस्या को दूर किया जा सकता है। एक संतुलित रूटीन के अनुसार अपना काम करना चाहिए और समय से नाश्ता और दोनों समय का खाना खा लेना चाहिए। खाने में फास्टफूड और जंक फूड न लें तो बेहतर रहेगा। अगर लंबे समय तक कुर्सी पर बैठ कर काम करना है तो घंटे-दो घंटे में कुछ मिनट के लिए ब्रेक ले लें और कुर्सी से उठ कर थोड़ा-सा टहल लें। रात में सोने में ज्यादा देर न करें और कम-से-कम छह से सात घंटे की नींद निश्चित रूप से लें। अच्छी नींद भी आपकी पाचन क्रिया में सहायक होती है।

घरेलू नुस्खे
खाने को सही से पचाने के लिए खाने में सलाद का प्रयोग करें। सलाद में टमाटर, काला नमक और नीबू का सेवन करना फायदेमंद रहेगा।
अपच होने पर अजवाइन, जीरा और काला नमक बराबर मात्रा में मिला कर एक चम्मच पानी के साथ लेने से फायदा होता है।
अजवाइन को पानी में उबाल कर उसका पानी पीने से भी पाचन तंत्र सही रहता है।
अदरक के टुकड़े को नीबू में भिगोकर चूसने से पाचन दुरुस्त रहता है।
सौंफ और काली मिर्च का खाने में सेवन करना भी फायदेमंद रहता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें