फोटो गैलरी

Hindi News‘किक’ से बदल गई जिंदगी जैक्लीन फर्नांडिज

‘किक’ से बदल गई जिंदगी: जैक्लीन फर्नांडिज

- फिल्म ‘किक’  से करियर को कितनी किक मिली? सच कहूं तो इस फिल्म से बॉलीवुड में मेरा करियर रीलॉन्च हुआ। इस फिल्म में मेरे साथ सलमान खान थे। साजिद नाडियाडवाला ने बहुत अच्छी फिल्म बनाई...

‘किक’  से बदल गई जिंदगी:  जैक्लीन फर्नांडिज
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 16 Jan 2015 07:59 PM
ऐप पर पढ़ें

- फिल्म ‘किक’  से करियर को कितनी किक मिली?
सच कहूं तो इस फिल्म से बॉलीवुड में मेरा करियर रीलॉन्च हुआ। इस फिल्म में मेरे साथ सलमान खान थे। साजिद नाडियाडवाला ने बहुत अच्छी फिल्म बनाई है। इसके बाद कई अच्छी फिल्मों के ऑफर मिले। पहले मेरे पास फिल्में चुनने का मौका ही नहीं होता था,  मगर  इसके बाद मुझे उन फिल्मों को चुनने का पहली बार मौका मिला,  जिन्हें मैं खुद करना पसंद करती। ‘किक’ के बाद तो मेरी जिंदगी ही बदल गई।

- विक्रमजीत निर्देशित अपनी फिल्म ‘रॉय’ के बारे में कुछ बताएं?
‘रॉय’  फिल्म मैंने ‘किक’  करने से पहले साइन की थी। यह पहली फिल्म है,  जिसमें मैंने दोहरी भूमिका निभाई है। इस फिल्म के मेरे दोनों किरदार टिया और आएशा एक-दूसरे से बहुत अलग हैं। दोनों का मेकअप,  कॉस्ट्यूम, लुक, बॉडी लैंग्वेज सब कुछ अलग है। सिचुएशन,  बैकग्राउंड संगीत,   बात करने का अंदाज सब कुछ जुदा है।

- अंतरराष्ट्रीय फिल्में भी कर रही हैं क्या?
हां,  मैं दो इंटरनेशनल फिल्में भी कर रही हूं। ये दोनों फिल्में मैंने ‘किक’ से पहले साइन की थीं। इनमें से एक फिल्म ‘डेफिनेशन ऑफ फियर’  की शूटिंग कनाडा में हुई है। दूसरी फिल्म ‘एकार्डिंग टू मैथ्यू’ है,  जिसकी कहानी श्रीलंका की है, मगर बनी अंग्रेजी में है। ये श्रीलंका में ही फिल्माई गई है। दोनों की शूटिंग पूरी हो चुकी है।

- हाल ही में आप सलमान खान के साथ श्रीलंका में पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के लिए चुनाव प्रचार के लिए गई थीं,  जिस पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं?
हकीकत यह है कि हम लोग श्रीलंका में किसी भी राजनीतिक दल के चुनाव प्रचार के लिए नहीं गए थे। सलमान वहां बच्चों के एक चैरिटी शो में हिस्सा लेने गए थे। वे अपनी संस्था ‘बीइंग ह्यूमन’  के तहत कई वर्षों से श्रीलंका में चैरिटी के कई काम करते आ रहे हैं। सच कहूं तो इस बार सलमान के कहने पर मैं उनके साथ श्रीलंका गई थी। वह श्रीलंका में लोगों को आंखों की बीमारी से निजात दिलाने के लिए कैम्प लगाते हैं। उनकी संस्था श्रीलंका में जरूरतमंद लोगों की आंखों का मुफ्त ऑपरेशन कराती है। इस बार उनके साथ अपने घर श्रीलंका जाना मेरे लिए अलग तरह का अनुभव रहा,  मगर जिस तरह की अफवाहें फैलाई गईं,  उससे कुछ लोगों का नाराज होना स्वाभाविक है। मैं लोगों की भावनाओं को समझती हूं और उनका आदर भी करती हूं,  पर लोगों को भी अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए। ऐसी अफवाहों से मुझे भी आघात लगा।

- लेकिन सलमान तो उनसे मिले भी?
देखिए,  सलमान ‘बीइंग ह्यूमन’ द्वारा चैरिटी करने गए थे,  जिसे श्रीलंका के राष्ट्रपति की तरफ से सहयोग दिया जा रहा था। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि सहयोग देने वालों से मिला जाए। वही सलमान ने किया। लोगों को इस बात को भी समझना चाहिए। मैं भी लोगों की मदद के मकसद से ‘बीइंग ह्यूमन’ के लिए गई थी।

- आप सुजॉय घोष की एक फिल्म कर रही हैं,  जो जापानी उपन्यास ‘द डिओशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स’ पर आधारित है?
सुजॉय के साथ काम करना मेरे लिए हमेशा आनंद का कारण रहेगा। वह मेरी पहली फिल्म के निर्देशक रहे हैं और प्रतिभाशाली हैं। सुजॉय मुझे चाहे जिस तरह का किरदार दें,  मैं आंख मूंद कर स्वीकार कर लूंगी। वैसे अभी तक इस फिल्म के कलाकारों के चयन का काम पूरा नहीं हुआ है। मैंने इस उपन्यास को पढ़ा है,  इसलिए यदि उन्होंने मुझे काम करने की ऑफर दी तो मुझे खुशी होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें