फोटो गैलरी

Hindi Newsअपने अंदर झांके कांग्रेस

अपने अंदर झांके कांग्रेस

कांग्रेस ने एक पुस्तिका द्वारा भाजपा के 22 ‘यू-टर्न’  गिनाए हैं। ऐसे में,  तीन सवाल उठते हैं। पहला,  सच है कि पिछले छह महीने में मोदी सरकार विदेशी बैंकों में जमा काला धन...

अपने अंदर झांके कांग्रेस
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 09 Dec 2014 08:27 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस ने एक पुस्तिका द्वारा भाजपा के 22 ‘यू-टर्न’  गिनाए हैं। ऐसे में,  तीन सवाल उठते हैं। पहला,  सच है कि पिछले छह महीने में मोदी सरकार विदेशी बैंकों में जमा काला धन देश नहीं ला सकी,  लेकिन कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार अपने दस वर्षों के लंबे शासन के दौरान 15 लाख रुपये भी विदेशी बैंकों से क्यों नहीं ला पाई?  दूसरा, काफी पहले से चीन का अतिक्रमण बढ़ गया था,  तो आज ही यह बात क्यों याद आई है?  तब से लेकर 2014,  अप्रैल तक कांग्रेस इस बारे में क्यों कुछ भी नहीं कर सकी?  अंतिम सवाल,  2001 में संसद भवन पर आतंकी हमले करने वाले अफजल गुरु को दस वर्षों से भी ज्यादा वक्त तक क्यों फांसी नहीं दी गई?  2008 के आतंकी हमले द्वारा जिस आतंकी ने मुंबई में कहर बरपाया,  उस अजमल कसाब को फांसी देने में भी कई साल क्यों लगे?  उस आतंकी हमले का मास्टर माइंड हाफिज सईद पाकिस्तान में बैठा हुआ है,  उसको यूपीए सरकार क्यों नहीं भारत ला सकी?  क्या इन सवालों के जवाब कांग्रेसी नेताओं के पास हैं?
हंसराज भट,  मुंबई
hjbhat@gmail.com

देर आए,  दुरुस्त आए

आखिरकार आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी भूल मान ही ली कि भारी जन-समर्थन पाकर दिल्ली की गद्दी छोड़ना एक अराजनीतिक निर्णय था। खास बात यह कि इसके लिए केजरीवाल ने आप की अनुभवहीन कार्यशैली को दोषी ठहराया। देर आयद,  दुरुस्त आयद वाली कहावत आप पर सटीक बैठ रही है। कभी कांग्रेस को अपना हमसफर मान रहे अरविंद केजरीवाल अब कांग्रेस पर पलटवार भी कर रहे हैं। यानी केजरीवाल यह जान गए हैं कि इस बार जंग सीधे भाजपा से है,  जो ‘मोदी मैजिक’  के चलते पूरे दमखम के साथ मैदान में है। अगर केजरीवाल किसी फेर में नहीं पड़ते,  तो जहां उनके पास कुछ कर दिखाने का ज्यादा वक्त होता,  वहीं दिल्ली वालों पर चुनाव का अनावश्यक बोझ भी न पड़ता। बहरहाल,  इस बार वह चाहे जितनी सफाई दें,  मगर दिल्ली का विश्वास जीतना उनके लिए टेढ़ी खीर है।
सचिन कुमार कश्यप, शामली, उत्तर प्रदेश
sachin.kumar7337@yahoo.com

आतंकियों की करतूत

आए दिन यह खबर सुनने को मिलती है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया और भारतीय सीमा क्षेत्र के भीतर गोले दागे। लेकिन इस बार जब जम्मू एवं कश्मीर में चुनाव हो रहे हैं,  तब पाकिस्तानी सीमा से आए आतंकियों ने राज्य के कुछ ठिकानों पर हमले किए। प्रधानमंत्री ने सही कहा है कि आतंकियों ने भारतीय लोकतंत्र पर हमले की कोशिश की,  लेकिन बहादुर जवानों ने उनको नाकाम किया और देश की सुरक्षा की खातिर अपनी जान की बाजी लगा दी। पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान जम्मू एवं कश्मीर को हथियाना चाहता है। लेकिन उसकी यह नापाक सोच कभी कामयाब नहीं होगी।
गणेश, पटपड़गंज,  दिल्ली

भ्रष्टाचार के तंत्र

यादव सिंह जैसे लोग तो उत्तर प्रदेश के हर नगर निगम में ही बहुत सारे हैं। लेकिन कभी मीडिया ने इनके नेक्सस का भंडाफोड़ नहीं किया। केवल इतना ही कहकर या लिखकर अपनी जिम्मेदारी की खानापूर्ति की कि इस काम में इतने करोड़ का घाटा हुआ। एक तरह से लगभग हर हफ्ते किसी न किसी आर्थिक घोटाले की खबर छपती है,  लेकिन अब तक ज्यादातर घोटालेबाजों को सजा नहीं हो पाई है। जो भी आदमी नगर निगम या बिजली निगम में किसी भी काम के लिए गया,  उसका काम बिना रिश्वत के नहीं हो पाया। अब जब खुलेआम घूसखोरी हो रही है,  तो जांच एजेंसियों को जांच करने से कौन रोक रहा है?  शहरी विकास मंत्री आजम खां वैसे तो नरेंद्र मोदी पर तंज कसते रहते हैं,  लेकिन उनको अपने ही मंत्रालय के अंदर के विभागों का भ्रष्टाचार दिखता नहीं है।
शाजिया खान,  खैर नगर , मेरठ
shaziakhan465@gmail.com

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अगला लेख पढ़ें