फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहार की 10 सीटों के लिए 46.42 प्रतिशत मतदान हुआ

बिहार की 10 सीटों के लिए 46.42 प्रतिशत मतदान हुआ

चार राज्यों में 18 विधानसभा सीटों के लिए आज हुए उपचुनाव में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन चुनावों को लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है वहीं...

बिहार की 10 सीटों के लिए 46.42 प्रतिशत मतदान हुआ
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 22 Aug 2014 01:38 AM
ऐप पर पढ़ें

चार राज्यों में 18 विधानसभा सीटों के लिए आज हुए उपचुनाव में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन चुनावों को लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है वहीं बिहार में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और जदयू के नीतीश कुमार के नए गठबंधन की भी परीक्षा होगी।

बिहार में दस सीटों के लिए मतदान हुआ और चारों राज्यों में सबसे कम मतदान यहीं हुआ जो 46.42 प्रतिशत रहा। वहीं कर्नाटक की तीन विधानसभा सीटों के लिए 72 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में तीन सीटों के लिए 70 फीसदी और पंजाब में दो सीटों के लिए 66 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना 25 अगस्त को होगी।

उपचुनावों में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है क्योंकि वह 18 सीटों में से अधिकतर पर किस्मत आजमा रही है और साबित करना चाहती है कि नरेंद्र मोदी का जादू अभी कमजोर नहीं पड़ा है। बिहार में भाजपा की शक्ति परीक्षा अधिक चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि 2010 के विधानसभा चुनावों में उसने 10 में से छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद लालू और नीतीश के लिए अपनी खोई हुई जमीन को पाने का मौका है।

बिहार का नतीजा अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की जनता के मिजाज की बानगी पेश कर सकता है। कर्नाटक में चिक्कोडी-सदालगा, बेल्लारी ग्रामीण और शिकारीपुरा सीटों पर भाजपा और सत्तारूढ़ कांग्रेस के बीच करीबी संघर्ष है।

राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की प्रतिष्ठा दांव पर है क्योंकि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्हें अपनी लोकप्रियता को साबित करने का एक और मौका मिला है। सिद्धरमैया के लिए उपचुनाव मायने रखते हैं क्योंकि वे सरकार के कामकाज से असंतोष के संकेतों के बीच पार्टी में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं। उधर भाजपा उपाध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के लिए भी इस चुनाव की अहमियत है जिनके बेटे बीवाई राघवेंद्र शिकारीपुरा से मैदान में हैं।

पंजाब में पटियाला विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में तकरीबन 62 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले जहां पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर कांग्रेस से चुनाव लड़ीं। तलवंडी साबो में 70 फीसदी मतदान हुआ। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से हार चुकीं कौर का मुकाबला आप के ही हरजीत सिंह और अकाली दल के भगवान दास से है।
 
मध्य प्रदेश की बहोरीबंद, विजयराघोगढ़ और आगार विधानसभा सीटों के लिए 70 प्रतिशत से अधिक लोगों ने मतदान किया।

इस बीच अकाली दल के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने दोनों विधानसभाओं के उपचुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सरकारी अधिकारियों, चुनाव आयोग और जनता का शुक्रिया अदा किया। बादल ने यहां एक बयान में कहा कि इन चुनावों के निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से संपन्न होने का श्रेय दोनों विधानसभाओं के मतदाताओं को, चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों को जाता है।

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता और उनकी पत्नी परनीत कौर ने भी शांतिपूर्ण तरीके से मतदान के लिए जनता का आभार व्यक्त किया और स्थानीय प्रशासन की प्रशंसा की। अमरिंदर ने कहा कि इन उपचुनाव ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और 2017 में राज्य में सरकार बनाने की स्थिति में है। जब उनसे पूछा गया कि वह तलवंडी साबो क्यों नहीं गए या बाजवा पटियाला क्यों नहीं आए तो उन्होंने कहा कि सभी का हर जगह मौजूद रहना संभव नहीं है।

बिहार विधानसभा की दस सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव के दौरान दिन चढ़ने के साथ मतदान की गति में थोड़ी तेजी आयी और अपराह्न तीन बजे तक 37.84 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार विधानसभा की दस सीटों हाजीपुर, छपरा, मोहिउद्दीन नगर, परबत्ता, भागलपुर, राजनगर (एससी), जाले, मोहनिया (एससी), नरकटियागंज और बांका विधानसभा सीटों पर गुरुवार अपराह्न तीन बजे तक 37.84 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण ढंग से मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए। इन विधानसभा क्षेत्रों में केंद्रीय अर्धसैनिक बल (सीपीएमएफ) और बिहार सैन्य पुलिस :बीएमपी: की 90 कंपनियों के साथ जिला पुलिस बल के 11699 कर्मी तैनात किए थे।

निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने के लिए 808 माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती के साथ 129 वीडियो कैमरा, 796 डिजीटल कैमरा और 165 मतदान केंद्रों पर सीधे वेबकास्टिंग की व्यवस्था की थी।

इन विधानसभा क्षेत्रों में सुचारू रूप से मतदान संपन्न कराए जाने के लिए 12894 मतदान कर्मियों की तैनाती की गयी है। इस उपचुनाव में भाग्य आजमा रहे कुल 94 उम्मीदवारों में से पांच महिला शामिल हैं और सबसे अधिक 15 प्रत्याशी हाजीपुर और सबसे कम 6.6 प्रत्याशी राजनगर और बांका में हैं।

नक्सल प्रभावित हाजीपुर, परबत्ता और बांका विधानसभा सीटों पर अपराह्न चार बजे तक तथा छपरा, मोहिउद्दीनगर, भागलपुर, राजनगर :एससी:, जाले, मोहनिया :एससी: और नरकटियागंज में शाम छह बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया था।

बिहार में चुनाव से पहले 20 साल बाद लालू और नीतीश साथ आए हैं। भाजपा के खिलाफ लालू-नीतीश और कांग्रेस का गठबंधन चुनाव मैदान में है। भाजपा के सामने लालू-नीतीश के महागठबंधन का भी टेस्ट इस उपचुनाव से होगा। बिहार के नरकटियागंज, राजनगर, जाले, छपरा, हाजीपुर, मोहिउद्दीननगर, परबत्ता, भागलपुर, बांका और मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए 26.42 लाख मतदाता 2,422 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों की 60 कंपनियां तथा बिहार सैन्य बल की 30 कंपनी के अलावे जिला पुलिस बल के 6,000 पुलिस बल और 1,950 से ज्यादा पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। विधानसभा के पिछले चुनाव में इन 10 सीटों में से छह पर भाजपा, तीन पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और एक पर जनता दल (युनाइटेड) की जीत हुई थी।

मध्य प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राज्य में तीन विधानसभा क्षेत्रों-विजयराघवगढ़, बहोरीबंद और आगर के 791 मतदान केन्द्रों पर लगभग साढ़े पांच हजार शासकीय अधिकारी-कर्मचारी मतदान कार्य में तैनात किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मप्र में उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की आठ कम्पनियां तैनात की गई हैं। इसमें से कटनी जिले के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद मे पांच तथा आगर में तीन कंपनियां सुरक्षा-व्यवस्था में लगी हैं। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में विशेष सशस्त्र बल की एक-एक कम्पनी भी तैनात की गई है। दोनों जिलों में 50-50 जवानों के समूह में रिजर्व फोर्स भी तैनात रहेगा।

पंजाब में भी तलवंडी साबो और पटियाला सीटों पर भी आज उपचुनाव हो रहे हैं। पटियाला विधानसभा सीट अमृतसर से कैप्टन अमरिन्दर सिंह के सांसद चुने जाने से खाली हुई है। इसके साथ ही कर्नाटक विधानसभा की तीन सीटों चिक्कोडी-सदालगा, शिकारीपुरा और बेल्लारी ग्रामीण पर भी वोटिंग जारी है।

बिहार

बिहार विधानसभा की दस सीटों के लिए उप चुनाव को लेकर 46.42 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके साथ ही 94 उम्मीदवारों के भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। 25 अगस्त को मतगणना की जाएगी और उसी दिन परिणाम जारी कर दिया जाएगा।

गुरुवार को मतदान को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह नजर आ रहा था। हालांकि मतदान की प्रक्रिया धीमी गति से शुरू हुई लेकिन दिन ढलने के साथ ही मतदान का प्रतिशत बढ़ता गया। नरकटियागंज में सर्वाधिक 58 प्रतिशत मतदान हुआ। उप चुनाव में मुख्य मुकाबला जदयू, राजद व कांग्रेस के महागठबंधन और भाजपा, लोजपा व राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के बीच है।

दस सीटों में भाजपा ने नौ सीटों पर तथा एक सीट पर लोजपा प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। दूसरी ओर महागठबंधन के राजद के चार, जदयू के चार व कांग्रेस के दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है। पूर्व में इन दस सीटों में से छह भाजपा, दो राजद व एक जदयू के पास सीटें थी।

हाजीपुर, परबत्ता व बांका में चार बजे मतदान समाप्त 
नक्सल प्रभावित क्षेत्र हाजीपुर, परबत्ता व बांका में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान हुआ। शेष सात स्थानों नरकटियागंज, राजनगर, जाले, मोहिउद्दीन नगर, छपरा, भागलपुर व मोहनिया में शाम छह बजे तक मतदान हुआ।

खगड़िया में मतदाता नाव के सहारे मतदान केंद्रों तक पहुंचे और मतदान किया। भागलपुर व जाले (दरभंगा) में सड़क, बिजली व पेयजल इत्यादि मांगों को लेकर कुछ स्थानों पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। मोहनिया के बूथ संख्या 145 एवं छपरा के दलदली बाजार स्थित बूथ संख्या 230 पर ईवीएम में खराबी आने के कारण थोड़ी देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ। नरकटियागंज में लगातार बारिश के बावजूद भी मतदाताओं में उत्साह देखा गया।

17 केंद्रीय प्रेक्षक व 808 माइक्रो ऑब्जार्बर थे तैनात 
उप चुनाव को लेकर 17 प्रेक्षकों की तैनाती की गयी थी। इनमें 10 सामान्य प्रेक्षक व सात खर्च की निगरानी के लिए प्रेक्षक तैनात किए गए। इनके साथ ही 808 माइक्रो ऑबजार्बर भी नियुक्त किए गए थे। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री लक्ष्मणन ने बताया कि मतदान को लेकर 11 हजार मतदानकर्मी तैनात किए गए थे। वहीं, सुरक्षा को लेकर 18000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गये थे।

2010 विधानसभा चुनाव व 2014 उप चुनाव में मतदान का प्रतिशत  
सीटें                      2010          2014
नरकटियागंज -           59.25         58
राजनगर                  44.18         42
जाले                     44.64         44
छपरा                     44.73       47.4              
हाजीपुर                   56.46         46
मोहिउद्दीन नगर           67.84          57
परबत्ता                   59.15          45 
भागलपुर                 42.62          37
बांका                    52.29          45
मोहनिया                 55.97          48.2

कुल प्रतिशत              52.05          46.42

धीरे-धीरे बढ़ती रही मतदान की रफ्तार
दस विधानसभा सीटों के उप चुनाव को लेकर मतदान की रफ्तार सुबह में थोड़ी धीमी थी। फिर धीरे-धीरे मतदाता बूथों की ओर जाने लगे। दोपहर बाद मतदान में तेजी दर्ज की गई।

किन क्षेत्रों में कितना हुआ मतदान
सीटें 8 बजे 9 बजे 10 बजे 11 बजे 12 बजे 01 बजे 02 बजे 03 बजे 04 बजे 05 बजे 06 बजे 
नरकटियागंज     3         6       13       19       31       37      43       47       54       57       58
राजनगर          5         8        12       17      22       25       28       32      36        40       42
जाले             5         8        12       20       23      25       31       41      42        43       44
छपरा             4         8        12       15       21      26       33       37      42        47       47.4
हाजीपुर           3       9.2      11.35    14      19.75   27      35        37     39        46       46
मोहिउद्दीन नगर   4       10        13        19      25       29      36       40      46        51       57
परबत्ता            4       11.32    14       16      25       34      38       39      45        45      45
भागलपुर          5       7          8         14      19       23     30       32       35        36      37
बांका              5      6         11.9      17.7    22.1    28.3   33       37.5    45        45      45
मोहनिया           4      6          13        17      23.5    27.6    33.6   39.2    43.7      45.6    48.2
कुल मतदान-    4.22   8.00     11.91    16.70  22.86   27.89  33.80  37.84  42.27  45.11   46.42

 

पंजाब

पंजाब में विधानसभा की दो सीटों- पटियाला और तलवंडी साबो पर उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। दो सीटों पर 15 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। मुख्य मुकाबला कांग्रेस और राज्य में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल के बीच है। आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

पटियाला से पूर्व विदेश राज्य मंत्री प्रणीत कौर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। यह सीट उनके पति व कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह ने रिक्त की है। आम चुनाव में अमृतसर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अरुण जेटली को हराकर अमरिंदर लोकसभा पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने पटियाला विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया।

प्रणीत पटियाला संसदीय सीट से तीन बार लोकसभा की सांसद रह चुकी हैं। लेकिन इस बार वह आप नेता धर्मवीर गांधी से चुनाव हार गईं। वहीं, तलवंडी सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है, क्योंकि यहां से कांग्रेस के विधायक जीत मोहिंदर सिंह ने पार्टी से इस्तीफा देकर अकाली दल का दामन थाम लिया। अब अकाली दल ने बठिंडा जिले की तलवंडी सीट से जीत मोहिंदर को ही मैदान में उतारा है, जबकि यहां कांग्रेस के उम्मीदवार हरमिंदर सिंह जस्सी हैं। मतगणना 25 अगस्त को होगी।

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। राज्य में तीन विधानसभा सीटों विजयराघवगढ, बहोरीबंद और आगर पर हो रहे उपचुनाव में छह लाख छह हजार से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस उपचुनाव में 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद में 10-10 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि आगर में पांच उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार नजर आ रही है। उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की आठ कंपनियां तैनात की गई हैं। प्रत्येक क्षेत्र में विशेष सशस्त्र बल की एक-एक कम्पनी भी तैनात की गई है।

कर्नाटक

कर्नाटक की तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। एक अधिकारी ने कहा, ''तीन विधानसभा क्षेत्रों बेल्लारी ग्रामीण (आरक्षित), चिक्कोडी-सदाल्गा और शिकारीपुरा में हो रहे उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा में मतदान जारी है।'' मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। शुरुआती समय में बहुत कम लोग मतदान करने पहुंचे, लेकिन एक घंटे बाद मतदान में तेजी देखी गई। पहले चार घंटे के दौरान 15-20 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।

मोदी ने की भारी संख्या में मतदान की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को चार राज्यों की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए जारी मतदान में लोगों से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ''चार राज्यों में विधानसभा की विभिन्न सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी हैं। मैं इन सीटों पर मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं।'' उपचुनाव बिहार, मध्य प्रदेश, कर्नाटक तथा पंजाब में हो रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें