फोटो गैलरी

Hindi Newsघोटाले का दाग धोने अकेली निकल पड़ीं पंकजा मुंडे

घोटाले का दाग धोने अकेली निकल पड़ीं पंकजा मुंडे

महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे अपने ऊपर लगे घोटालों के आरोपों पर सफाई देने के लिए बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस किया। लेकिन उनके आमंत्रण के बावजूद इसमें कोई मंत्री और न ही पार्टी का...

घोटाले का दाग धोने अकेली निकल पड़ीं पंकजा मुंडे
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 01 Jul 2015 09:49 PM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे अपने ऊपर लगे घोटालों के आरोपों पर सफाई देने के लिए बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस किया। लेकिन उनके आमंत्रण के बावजूद इसमें कोई मंत्री और न ही पार्टी का नेता शामिल हुआ। पंकजा ने अकेले ही मीडिया का सामना किया।

सरकारी गेस्ट हाउस सह्याद्रि में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पंकजा ने भाजपा नेता और मंत्री चंद्रकांत पाटील और सुधीर मुनगंटीवार को आमंत्रित किया था। गृह निर्माण मंत्री प्रकाश मेहता तब आए जब प्रेस कांफ्रेंस खत्म हो चुकी थी। पंकजा ने कहा कि उन पर लगे आरोप गलत और राजनीति से प्रेरित हैं।

साथ ही, कहा कि अन्य कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण पाटील और मुनगंटीवार नहीं आए। बता दें कि दोनों नेताओं ने राज्य के शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े का खुलकर समर्थन किया था। इस मौके पर पंकजा ने कहा कि मैं अकेली नहीं हूं। लाखों समर्थक मेरे साथ हैं। कार्यक्रम में उनकी सांसद बहन प्रीतम मुंडे उपस्थित थीं।

पंकजा पर कांग्रेस और एनसीपी ने चिकी घोटाले और जलयुक्त शिवार योजना में अपने एक करीबी को डैम बनाने के ठेके में सहयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि जलयुक्त शिवार योजना का जिलाधिकारी को सर्वाधिकार दिया गया है। मैंने किसी की मदद नहीं की है।

चिकी घोटाला मामले में पंकजा ने कहा कि न तो किसी नियम का उल्लंघन हुआ है और न ही घोटाला हुआ है। उन्होंने कांग्रेस-एनसीपी पर हमला बोलते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए पहले की सरकार ने 408 करोड़ रुपए की खरीद की थी। लेकिन मेरे विभाग के 206 करोड़ रुपए की खरीद को घोटाला करार दिया जा रहा है। पंकजा ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही मुझे क्लीनचिट दे दी है। बावजूद इसके पार्टी नेतृत्व जो निर्णय लेगा वह मुझे मान्य है। मैं किसी भी जांच के लिए तैयार हूं और अगर आरोप साबित हुआ तो मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगी।

विपक्ष को नहीं भाया जवाब
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि पंकजा मुंडे झूठ बोल रही हैं। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में जो सफाई दी है उसमें कोई सच्चाई नहीं है। उनके विभाग के घोटाले का कच्चा चिट्ठा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को सौंपा गया है। सचिन ने पंकजा से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है।

एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जब विपक्ष में थे, तो उन्होंने कांग्रेस-एनसीपी सरकार की नीतियों की आलोचना की थी। उन्होंने घोषणा की थी कि वह उस समय की सरकार की कई नीतियों को रद्द करेंगे। अब मुंडे और फडणवीस यह कहकर कि पूर्व की सरकार की नीति का पालन किया गया, क्यों उनके मंत्रालय की कार्रवाई को उचित ठहरा रहे हैं।

मानसून अधिवेशन में सरकार को घेरेगी कांग्रेस
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटील ने बुधवार को कहा कि 13 जुलाई से होने वाले मानसून अधिवेशन में राज्य सरकार को घेरने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि घोटालों सहित किसानों की आत्महत्या और अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए एनसीपी ने साथ देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी के नेताओं ने साथ बैठकर रणनीति तय की गई है।

अहमदनगर की अदालत में मामला दायर
चिक्की घोटाला मामले में पंकजा मुंडे के खिलाफ अहमदनगर की एक जिला अदालत में दीवानी मामला दायर किया गया। इसमें राज्य के अधिकारियों और पंकजा को एक स्थानीय कंपनी द्वारा आदिवासी छात्रों को बेची जाने वाली चिक्की पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश देने की मांग की गई है। यह मामला इस उत्पाद के मिट्टी और अन्य मिलावट के साथ कथित तौर पर दूषित होने की खबरों के बाद दायर किया गया है। यह मामला पुणे के कार्यकर्ता हेमंत पाटिल ने दायर किया। इसमें अहमदनगर के जिलाधिकारी, पंकजा मुंडे, सूर्यकांता महिला चिक्की केंद्र को प्रतिवादी बनाया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें