फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तर भारत में बारिश, दिल्ली में उच्च आर्द्रता

उत्तर भारत में बारिश, दिल्ली में उच्च आर्द्रता

उत्तर भारत के कुछ इलाकों में आज बारिश हुई और अधिकतर स्थानों पर मौसम खुशगवार रहा। हालांकि दिल्ली में उच्च आर्द्रता के कारण उमस बनी रही। राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे...

उत्तर भारत में बारिश, दिल्ली में उच्च आर्द्रता
एजेंसीMon, 01 Sep 2014 09:38 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर भारत के कुछ इलाकों में आज बारिश हुई और अधिकतर स्थानों पर मौसम खुशगवार रहा। हालांकि दिल्ली में उच्च आर्द्रता के कारण उमस बनी रही। राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 0.4 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 35.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री मापा गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

बहरहाल, राष्ट्रीय राजधानी में व्यापक बारिश के एक दिन बाद आज आर्द्रता का स्तर ऊंचा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आर्द्रता 54 और 94 फीसदी के बीच रही। राजस्थान के कई हिस्से में आज दूसरे दिन भी सामान्य से भारी बारिश हुई।

जयपुर में मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर और उदयपुर संभाग में कल से ही भारी बारिश दर्ज की गई है। भरतपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई है। राज्य में सर्वाधिक बारिश साबला (डुंगरपुर) में 10 सेंमी हुई जिसके बाद निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में 8 सेमी बारिश दर्ज की गई। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई जिसके बाद अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास आ गया।

चंडीगढ़ में आसमान में बादल छाए रहे। केंद्र शासित प्रदेश में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हरियाणा के करनाल में आज सुबह 30.6 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा। अंबाला, हिसार और भिवानी में भी बारिश हुई। पंजाब के अमृतसर में बारिश के बाद दिन सुहावना बना रहा और अधिकत तापमान 27.4 डिग्री रहा जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें