फोटो गैलरी

Hindi Newsरैना से शादी रचाने भारत पहुंची प्रियंका

रैना से शादी रचाने भारत पहुंची प्रियंका

सुशांत सिटी रविवार को सुर्खियों में था। हो भी क्यों ना कॉलोनी के एक घर की बेटी टीम इंडिया के स्टार प्लेयर सुरेश रैना की जीवन संगिनी जो बनने जा रही हैं। रैना की शादी की चर्चाओं के बीच कॉलोनी के लोग...

रैना से शादी रचाने भारत पहुंची प्रियंका
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 15 Mar 2015 09:15 PM
ऐप पर पढ़ें

सुशांत सिटी रविवार को सुर्खियों में था। हो भी क्यों ना कॉलोनी के एक घर की बेटी टीम इंडिया के स्टार प्लेयर सुरेश रैना की जीवन संगिनी जो बनने जा रही हैं। रैना की शादी की चर्चाओं के बीच कॉलोनी के लोग उत्साहित दिखे और प्रियंका के परिवार को बधाई देने पहुंचे। प्रियंका चौधरी के बड़े भाई ने जल्द ही शादी की बात कही। सुरेश रैना की शादी का सस्पेंस खत्म हो गया है। रैना की शादी सुशांत सिटी कॉलोनी की प्रियंका से होने जा रही है। रविवार को हिन्दुस्तान की टीम प्रियंका के घर पहुंची तो उनके बड़े भाई अभिषेक ने जल्द ही शादी होने की बात की हामी भर दी। चेन्नई में सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक ने बताया कि वह घर में सबसे बड़े हैं, उनसे छोटे भाई विवेक चौधरी नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। छोटी बहन प्रियंका नीदरलैंड के एम्स्टरडम में एक बैंक में अधिकारी हैं। 

ऐसे हुआ रिश्ता
अभिषेक ने बताया कि उनकी मां सुशीला चौधरी और रैना की मां परवेश रैना बहुत पुरानी दोस्त हैं। उनके पिता रिटायर्ड शिक्षक चौधरी तेजपाल सिंह और रैना के पिता त्रिलोकचंद रैना ने भी मुरादनगर की आर्डिनेंस फैक्ट्री में साथ काम किया है। दोनों ही परिवारों में पहले से ही पारिवारिक संबंध थे। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने से पहले ही रिश्ता तय हो गया था। वर्ल्डकप से लौटने पर शादी करने पर सहमति बन गई थी। हालांकि, अभिषेक ने बताया कि अभी शादी की डेट तय नहीं हुई है,  दोनों ही परिवार डेट और वेन्यू पर विचार कर रहे हैं। लेकिन सूत्रों की मानें तो रैना और प्रियंका की शादी 3 अप्रैल को तय है।

शादी की शॉपिंग में जुटी हैं प्रियंका

सुरेश रैना संग शादी के बंधन में बंधने के लिए प्रियंका नीदरलैंड्स से इंडिया पहुंच चुकी हैं। प्रियंका के बड़े भाई अभिषेक ने बताया कि प्रियंका भारत आ गई है और फिलहाल मेरठ में नहीं है। प्रियंका अपनी शादी की शॉपिंग की तैयारियों में जुटी हैं। प्रियंका अपनी पसंद का लहंगा, कपड़े, फर्नीचर पसंद करने में लगी हैं।

कॉलोनी में चलने लगी चर्चाएं
सुरेश रैना जैसे स्टार से कॉलोनी की लड़की की शादी की खबरों के बीच मीडिया के पहुंचते ही कॉलोनी में चर्चाएं होने लगी। लोग एक दूसरे से पूछने लगे कि आखिर माजरा क्या है। जिन्हें जानकारी थी उन्होंने बताया कि चौधरी तेजपाल सिंह की लड़की की शादी सुरेश रैना से तय हो गई है। इस बीच परिवार को बधाई देने भी लोग पहुंचने लगे।

भेजा जाएगा वीवीआईपी को न्यौता
अभिषेक ने तो कुछ भी बताने से इंकार कर दिया,  लेकिन सूत्रों की मानें तो रैना और प्रियंका की शादी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों, बीसीसीआई मैंबर्स, यूपी रणजी के मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों, यूपीसीए के मेंबर्स को न्यौता दिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें