फोटो गैलरी

Hindi Newsमोदी न सोते हैं, न सोने देते हैं: अमित शाह

मोदी न सोते हैं, न सोने देते हैं: अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा है कि मोदी जी सोते भी नहीं हैं और सोने भी नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि यह बात...

मोदी न सोते हैं, न सोने देते हैं: अमित शाह
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 19 Aug 2014 08:06 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा है कि मोदी जी सोते भी नहीं हैं और सोने भी नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि यह बात सांसदों को जल्दी ही पता चल जाएगी कि नेता कैसे बनता है? मोदी ने तीन महीने के अंदर हर विभाग का रोड मैप तैयार किया है। इसके जल्दी ही परिणाम देश के सामने आएंगे। मोदी हर वादे को पूरा करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद शाह मंगलवार को पहली बार राजधानी लखनऊ पहुंचे। सरस्वती शिशु मन्दिर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार के खिलाफ भ्रामक प्रचार में न फंसने की सलाह दी। पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच दावे के साथ कहें कि मोदी सरकार हर चीज ठीक कर देगी। अभी हमने सत्ता संभाली है। कुछ समय में सब चीजें अपने आप ठीक होने लगेंगी।

शाह ने कहा कि हम सबसे अच्छे रिश्ते रखना चाहते हैं मगर भारत के सम्मान को कम नहीं होने देंगे। भारत-पाक के बीच विदेश सचिव स्तर की बातचीत तथा हुर्रियत नेताओं की पाक उच्चायुक्त से बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पाक से यह साफ कर दिया है कि बात या तो भारत के साथ होगी या अलगाववादियों के साथ। उन्होंने कहा कि विश्व व्यापार संगठन के सामने भी सरकार नहीं झुकी।

यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार लक्ष्य
शाह ने उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने को अपना अगला लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि  जिस तरह से केन्द्र में मोदी की सरकार काम कर रही है, उत्तर प्रदेश के चुनाव आते-आते भाजपा की एक मजबूत लहर दिखायी पड़ेगी। मोदी ने जिस तरह के हिन्दुस्तान के सपने को संजोया है, वह तब तक पूरा नहीं हो सकता है जब तक उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार न बने। लोकसभा चुनाव में मैं उत्तर प्रदेश का प्रभारी था। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं लेकिन जब तक उत्तर प्रदेश में भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं बन जाता, मेरा काम पूरा नहीं होता है।

सरकार से भिड़ जाएं कार्यकर्ता
शाह ने कार्यकताओं से कहा कि जनता की आवाज बनें। संघर्ष के लिए आगे आएं और सपा सरकार से भिड़ जाएं। सरकार को चैन से न बैठने दें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव तक पार्टी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करें और जनता के बीच ‘न सपा, न बसपा, अबकी बार भाजपा’ नारे को ले जाएं। 

सपा, मुलायम और अखिलेश सरकार पर बरसे
शाह ने उत्तर प्रदेश की काननू-व्यवस्था खराब होने का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त कर मानो उत्तर प्रदेश की जनता ने गुनाह कर दिया हो। राज्य की जनता पर कुशासन का कहर बरपाया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद माना जा रहा था कि अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव कुछ बदलेंगे लेकिन वे जनादेश का सम्मान करने बजाए संघर्ष पर उतारू हैं। तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। जनता जानती है कि दंगे कौन करा रहा है? सहारनपुर दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सवालों से सरकार को बचाने के लिए मुलायम ने अपनी ही पार्टी की जांच समिति बना दी। सपा द्वारा बनायी गयी समिति की रिपोर्ट को कैसे मान्यता दी जा सकती है? 

कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मी कान्त बाजपेयी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री राम शंकर कठेरिया, राष्ट्रीय मंत्री श्रीकांत शर्मा व अरुण सिंह, विधानमण्डल दल के नेता सुरेश खन्ना तथा विधान परिषद में दल के नेता हृदय नारायण दीक्षित, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, महामंत्री संगठन सुनील बंसल, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांश त्रिवेदी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. रमापति राम त्रिपाठी व सूर्य प्रताप शाही तथा पूर्व मंत्री लालजी टण्डन तथा भाजपा के लगभग सभी सांसद व विधायक, पदाधिकारी आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें