फोटो गैलरी

Hindi Newsउपचुनाव के परिणाम की पल-पल की खबर

उपचुनाव के परिणाम की पल-पल की खबर

लोकसभा चुनावों में सफलता के ठीक चार महीने बाद भाजपा को राजस्थान में उपचुनाव में चार में से महज एक सीट मिली है और उत्तरप्रदेश में उसका आधार खिसकता दिख रहा है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में मतगणना...

उपचुनाव के परिणाम की पल-पल की खबर
एजेंसीWed, 17 Sep 2014 09:10 AM
ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनावों में सफलता के ठीक चार महीने बाद भाजपा को राजस्थान में उपचुनाव में चार में से महज एक सीट मिली है और उत्तरप्रदेश में उसका आधार खिसकता दिख रहा है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में मतगणना में आगे चल रही है।

उत्तर प्रदेश में 11 सीटों में से सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी ने मुरादाबाद जिले में ठाकुरद्वारा सीट जीत ली। पार्टी के उम्मीदवार नवाबजान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजपाल सिंह को 27023 वोटों से हराया। समाजवादी पार्टी सात सीट पर आगे है जबकि भाजपा तीन पर बढ़त बनाए हुए है।

बसपा उपचुनाव नहीं लड़ रही है वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने सभी 11 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे। भाजपा 10 सीटों पर और उसका सहयोगी अपना दल एक सीट पर चुनाव लड़ रहा है। खुश नजर आ रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की मदद करने के लिए मैं उत्तर प्रदेश की जनता का आभारी हूं।

गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा नौ सीटों में से केवल छह सीटें जीत सकती है जबकि कांग्रेस दो जीत चुकी है और एक में आगे है। सभी नौ सीटों पर पहले भाजपा का कब्जा था। मौजूदा विधायकों के सांसद बनने के बाद ये सीटें खाली हुई थी।

अलबत्ता, पश्चिम बंगाल ने भाजपा को मुस्कुराने की एक वजह दी है। पार्टी ने बशीरहाट दक्षिण सीट जीतकर राज्य विधानसभा में दस्तक दे दी है। 10 राज्यों में 33 सीटों पर 13 सितंबर को उपचुनाव हुआ था। 

उपचुनाव के परिणाम को नरेंद्र मोदी सरकार की लोकप्रियता के परीक्षण के तौर पर देखा जा रहा है। अगले महीने हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनाव को देखते हुए भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजस्थान में वसुंधरा राजे सरकार को झटका लगा है। विपक्षी कांग्रेस ने वेइर, नसीराबाद और सूरजगढ़ सीट पर जीत हासिल की है जबकि सत्तारूढ़ भाजपा केवल कोटा सीट ही हासिल कर पाई। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटें जीती थी।

राजस्थान में पार्टी में फिर से जान फूंकने की कोशिश कर रहे कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से जबरदस्त कोशिश हुई और मैं हर किसी को तथा खासकर युवा लोगों को इसका श्रेय देता हूं।

गुजरात में उपचुनाव को भी नयी मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के लिए इम्तिहान माना जा रहा है। भाजपा ने लोकसभा की सभी 26 सीटें जीती थीं। 

लोकसभा के लिए उपचुनाव में सत्तारूढ़ दलों की जीत
13 सितंबर को वडोदरा (गुजरात), मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) और मेडक (तेलंगाना) में हुए लोकसभा की तीन सीटों के लिए उपचुनावों में इन तीनों राज्यों में सत्ताधारी पार्टी ने बाजी मारी है।

उत्तर प्रदेश के एकमात्र मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा के तेज प्रताप सिंह चुनाव जीता है। मुलायम सिंह यादव के बडे़ भाई के पोते तेज प्रताप सिंह यादव ने तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रेम सिंह शाक्य को चुनाव हराया।

भाजपा ने गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खाली की गई वडोदरा लोकसभा सीट पर 3.29 लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज करते हुए कब्जा बनाए रखा। भाजपा प्रत्याशी रंजनाबेन भट ने कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्र रावत को 3,29,507 मतों के अंतर से हराया। इसी साल हुए आम चुनाव में मोदी ने यह सीट 5,70,128 मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीती थी और कांग्रेस महासचिव तथा पार्टी के प्रत्याशी मधुसूदन मिस्त्री को हराया था।

तेलंगना में टीआरएस के उम्मीदवार के प्रभाकर रेड्डी ने मेडक लोकसभा सीट 3,61,277 वोट के अंतर से जीती।

अपना दल समेत गैर सपा दलों के आरोपों को खारिज करते हुए प्रेक्षक ने रोहनिया सीट के लिए मतगणना पुनः शुरू करा दी है। ईवीएम के सील टूटे होने का आरोप लगा रहे विभिन्न दलों के लोग मतगणना स्थल पर ​धरना पर बैठ गए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ग्यारहवें राउंड में ईवीएम के बाक्स का सील टूटा मिलने पर उन्होंने प्रेक्षक से लिखित शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। भाजपा नेता ने धांधली का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है।

लखनऊ में चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी छह सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियां चार सीटों पर और कांग्रेस एक पर आगे है।

अपना दल कार्यकर्ता पहड़िया स्थित मतगणना स्थल पर धरना पर बैठ गए हैं। अपना दल समेत विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशियों ने ईवीएम के सील टूटने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार कर दिया है। इस मामले में प्रशासन ने चुप्पी साधे है। पर्यवेक्षक की ओर से भी अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।  

कौशांबी जनपद की सिराथू विधान सभा सीट पर सपा ने कब्जा जमा लिया है।

हमीरपुर और चरखारी विधानसभा सीटों पर सपा की जीत।

रोहनिया सीट पर सपा प्रत्याशी और राज्यमंत्री सुरेंद्र पटेल के भाई महेंद्र सिंह पटेल 12वें चक्र की गणना के बाद 6852 मतों से आगे हो गए हैं।

12वें राउंड की गणना के बाद की स्थिति
सपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह पटेल- 41707
अपना दल प्रत्याशी कृष्णा पटेल- 34855
बसपा  समर्थित निर्दल रमाकांत सिंह मिंटू- 13469
कांग्रेस प्रत्याशी भावना पटेल- 1423

सहारनपुर और नोएडा में बीजेपी जीती। 

यूपी के चरखारी में सपा के कप्तान सिंह 50805 वोटों से जीते।

हमीरपुरः 23 राउंड तक सपा के शिवचरण प्रजापति 55 हजार वोटों से आगे।

वाराणसी की रोहनिया सीट पर मतगणना कुछ देर के लिए रोकी गई। आब्जर्वर ने कहा कि पहले हुई गणना की मैनुअल गिनती के बाद आगे की गणना होगी। फिलहाल 9 राउंड तक सपा आगे ही चल रही थी। सपा-31734, अपना दल- 25552, निर्दल-10309, कांग्रेस-​1050

रोहनिया विस उपचुनाव: यहां सप्रा प्रत्‍याशी आगे। तीसरे चक्र की मतगणना तक अपना दल-भाजपा प्रत्‍याशी से

सपा के महेन्‍द्र पटेल लगभग 5 हजार मतों से आगे।

हमीरपुरः 16 राउंड तक सपा के शिवचरण प्रजापति 35 हजार वोटों से आगे।

चरखारीः 19 राउंड तक तक सपा के कप्तान सिंह 35400 हजार वोटों से आगे।

तेदेपा उम्मीदवार टी सौम्या ने आंध्रप्रदेश में नंदीगामा (एससी) विधानसभा उपचुनाव में करीब 75,000 वोटों से जीत हासिल की।

यूपी के निघासन (लखीमपुर खीरी) उपचुनाव में सपा को बढ़त मिली।

यूपी के हमीरपुर में 12 हजार वोटों से और चरखारी में 19 हजार वोटों से सपा आगे।

राजस्थानः नसीराबाद सीट कांग्रेस ने जीती।

यूपी के ठाकुरद्वारा विधानसभा में सपा को आठ हज़ार की बढ़त मिल गई है।

इन नतीजों को एनडीए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जादू के इम्तहान के तौर पर भी देखा जा रहा है।  रुझानों में गुजरात में बीजेपी 6 और कांग्रेस 3 सीटों पर आगे चल रही है।

असम की तीन सीटों में से 1 पर कांग्रेस और 1 सीट पर बीजेपी आगे है जबकि 1 सीट अन्य का प्रत्याशी आगे है।

जिन तीन लोकसभा सीटों के नतीजे आने वाले हैं उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खाली की हुई सीट वडोदरा के साथ सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की सीट मेडक (तेलंगाना) है।

उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू हो गई। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट और 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदाताओं ने 13 सितंबर को इन सीटों के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। उपचुनाव में लगभग 53 प्रतिशत मतदान हुआ। मैनपुरी लोकसभा सीट पर 56.4 प्रतिशत मत पडे़। यहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी सांसद पत्नी डिम्पल यादव ने भी मतदान किया।

लोकसभा सीट के लिए 12 तथा 11 विधानसभा सीटों के लिए 118 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज हो जाएगा। जिन 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ, उनमें से 10 सीटें भाजपा के पास थीं। उन पर निर्वाचित विधायकों के सांसद चुन लिए जाने के कारण वे सीटें खाली हुई हैं। रोहनिया सीट भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल के पास थी।

त्रिपुरा विधानसभा उपचुनाव में माकपा जीती

त्रिपुरा की मानु (अजजा) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में माकपा प्रत्याशी प्रभात चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के माइलाफ्रू मोग को 15,971 मतों से हराया। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवाशीष मोदक ने बताया कि माकपा प्रत्याशी चौधरी को 21,759 मत और कांग्रेस प्रत्याशी को 5,788 मत मिले। यह सीट, पूर्व उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री जितेन्द्र चौधरी के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी।

किन-किन सीटों पर हो रही है मतों की गिनती
उत्तर प्रदेशः निघासन, ठाकुरद्वारा, चरखारी, बिजनौर, बलहा, रोहनिया, सिराथू, हमीरपुर, सहारनपुर, लखनऊ पूर्वी, नोएडा।
लोकसभा सीटः मैनपुरी, मेडक, वडोदरा
राजस्थानः सूरजगढ़, वैर, नसीराबाद, और कोटा दक्षिण।
त्रिपुराः मनु सुरक्षित सीट
छत्तीसगढ़ः अंतागढ़
पश्चिम बंगालः चौरंगी, बशीरहाट दक्षिण।
गुजरातः 9 सीटें
आंध्रप्रदेशः 1 सीट
सिक्किमः 1 सीट

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें