फोटो गैलरी

Hindi Newsराजस्थान रॉयल्स पर भारी पड़े मुंबई इंडियंस

राजस्थान रॉयल्स पर भारी पड़े मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को एक रोमांचक मुकाबले में आठ रन से हराया। टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अपने घर में खेल रही मुंबई ने अंबाती रायडू...

राजस्थान रॉयल्स पर भारी पड़े मुंबई इंडियंस
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 01 May 2015 11:59 PM
ऐप पर पढ़ें

मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को एक रोमांचक मुकाबले में आठ रन से हराया। टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अपने घर में खेल रही मुंबई ने अंबाती रायडू के शानदार नाबाद अर्धशतक से पांच विकेट पर 187 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में राजस्थान की टीम सात विकेट पर 179 रन ही बना सकी। इस जीत से मुंबई ने राजस्थान से पहले चरण में मिली हार का बदला भी चुकता किया। मुंबई की आठ मैचों में यह तीसरी जीत है। दूसरी ओर राजस्थान की दस मैचों में यह तीसरी हार है। रॉयल्स ने पांच मैच जीते हैं जबकि दो बरिश के कारण धुल गए। मुंबई से हारने के बावजूद राजस्थान अंक तालिका में दूसरे स्थान पर कायम है। 

काम न आई सैमसन की पारी
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों के साथ 76 रन की बेमिसाल पारी खेली। लेकिन अन्य बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन से राजस्थान को हार झेलनी पड़ी। रहाणे 16, कप्तान शेन वाटसन 28 और स्टीव स्मिथ 23 रन बनाकर आउट हुए। दीपक हुड्डा सिर्फ एक रन बना सके जबकि करुण नायर सात रन बनाकर आउट हो गए।

रायडू की आतिशी पारी
मुंबई के लिए अंबाती रायडू ने आतिशी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जिस समय रायडू क्रीज पर उतरे, मुंबई 10.4 ओवर में 84 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में रायडू ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 4.1 ओवर में 36 रन की आतिशी साझेदारी निभाई। रोहित शर्मा के आउट होने के बाद रायडू ने कीरोन पोलार्ड के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 4.5 ओवर में धुआंधार 61 रन जोड़े। पोलार्ड ने 14 गेंदों में दो चौके और एक छक्के के साथ 24 रन की पारी खेली। वहीं रायडू 27 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 53 रन की आतिशी पारी खेलकर नाबाद रहे।

तेज शुरुआत
इससे पहले मुंबई को ओपनर पार्थिव पटेल और लेंडल सिमंस ने तेज शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में 43 रन जोड़े। इस साझेदारी को मीडियम पेसर धवल कुलकर्णी ने पटेल को आउट करके तोड़ा। पटेल ने 14 गेंदों में पांच चौकों के साथ 23 रन बनाए। वहीं सिमंस को अंकित ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। सिमंस ने 31 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के के साथ 38 रन की बेहतरीन पारी खेली।

उनमुक्त ने किया निराश
मुंबई के युवा बल्लेबाज उनमुक्त चंद ने निराश किया और वह 14 गेंदों में एक चौके के साथ 13 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं कप्तान रोहित शर्मा भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। रोहित ने 21 गेंदों में दौ चौके और एक छक्के के साथ 27 रन बनाए। उन्हें कुलकर्णी ने अंकित शर्मा के हाथों कैच कराया। कुलकर्णी ने राजस्थान के लिए सर्वाधिक दो विकेट चटकाए।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें