फोटो गैलरी

Hindi Newsलिच्छवी एक्सप्रेस में दो लाख से अधिक की ट्रेन डकैती

लिच्छवी एक्सप्रेस में दो लाख से अधिक की ट्रेन डकैती

सीतामढ़ी से आनंद बिहार दिल्ली जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेन में शुक्रवार की रात सशस्त्र डकैती की गई। डकैतों ने दो लाख से अधिक की नकदी और सामान लूट कर भाग गए। विरोध करने वाले दो यात्रियों को डकैतों ने...

लिच्छवी एक्सप्रेस में दो लाख से अधिक की ट्रेन डकैती
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 22 Aug 2015 08:37 PM
ऐप पर पढ़ें

सीतामढ़ी से आनंद बिहार दिल्ली जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेन में शुक्रवार की रात सशस्त्र डकैती की गई। डकैतों ने दो लाख से अधिक की नकदी और सामान लूट कर भाग गए। विरोध करने वाले दो यात्रियों को डकैतों ने चाकू से वार कर घायल कर दिया। ट्रेन में चल रही हाजीपुर की एस्कार्ट पार्टी को रेल एसपी दीपक रंजन ने सस्पेंड कर दिया है। सीतामढ़ी से ट्रेन खुलने पर डकैत सवार हो गए और लूटपाट करने के बाद वैक्यूम कर रुन्नीसैदपुर के समीप उतर गए।

मिली जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी से आनंद बिहार जाने वाली 14005 लिच्छवी एक्सप्रेस जब ढ़ाई बजे रात्रि में सीतामढ़ी से खुली तो स्लीपर बोगी एस-7 में आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र डकैत घुस गए। ट्रेन ने जैसे ही रफ्तार पकड़ी डकैतों ने चाकू और पिस्तौल का भय दिखकर महिलाओं के नाक-कान के गहने उतरवा लिए।

उसके बाद बोगी को दोनों ओर से कवर कर लिया और बारी-बारी से सभी यात्रियों के कीमती सामान लूटने लगे। उन्होंने दो लाख से अधिक नकद रुपए लूट लिए। विरोध करने पर 55 वर्षीय सीतामढ़ी के निवासी देवानंद मिश्र और मो. रहमान को नाक पर चाकू से वार कर डकैतों ने घायल कर दिया।

डकैती की इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी हाजीपुर जीआरपी के सवार एस्कार्ट को भनक तक नहीं लगी और सभी डकैत रुन्नीसैदपुर के समीप लूटे गए सामान लेकर उतर भागे। मुजफ्फरपुर में लिच्छवी ट्रेन जब सुबह चार बजे पहुंची तो इस बात का हल्ला हो गया।

मुजफ्फरपुर रेल एसपी दीपक रंजन को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने हाजीपुर की जीआरपी एस्कार्ट पार्टी के हवलदार चन्द्रमा यादव और सिपाही विष्णुपद सिंह को सस्पेंड कर दिया। दोनों घायलों के बयान पर सीतामढ़ी जीआरपी में अज्ञात डकैतों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी ने डकैतों को  शीघ्र पकड़ लेने का दावा किया है। हवलदार और सिपाही के निलंबन की खबर हाजीपुर जीआरपी प्रभारी राज कपूर को दे दी गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें