फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहार चुनाव पर कांग्रेस की रणनीति तय करेंगे राहुल

बिहार चुनाव पर कांग्रेस की रणनीति तय करेंगे राहुल

बिहार विधानसभा और विधान परिषद चुनाव पर कांग्रेस की रणनीति पर दिल्ली में मंथन शुरू हो गया है। बिहार कांग्रेस द्वारा पिछले सप्ताह भेजे गए राजनीतिक प्रस्ताव को देखने के बाद इस मुद्दे पर चर्चा के लिए...

बिहार चुनाव पर कांग्रेस की रणनीति तय करेंगे राहुल
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 28 May 2015 09:51 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार विधानसभा और विधान परिषद चुनाव पर कांग्रेस की रणनीति पर दिल्ली में मंथन शुरू हो गया है। बिहार कांग्रेस द्वारा पिछले सप्ताह भेजे गए राजनीतिक प्रस्ताव को देखने के बाद इस मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी को दिल्ली बुलाया गया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बिहार चुनाव पर इनसे बातचीत करेंगे। इसके बाद ही कांग्रेस हाईकमान यह तय करेगा कि बिहार चुनाव गठबंधन में लड़ा जाए या अकेले। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की मुलाकात सोनिया गांधी से भी होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बिहार कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में जो राजनीतिक प्रस्ताव पास किया गया उसमें गठबंधन में जाने या नहीं जाने पर असमंजस की स्थिति थी। सीधे पार्टी हाईकमान से ही इस मामले में फैसला लेने की अपील की गई थी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सीपी जोशी राजनीतिक प्रस्ताव लेकर दिल्ली गए थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी को दिल्ली बुलाया है। 29 और 30 मई को बिहार के मुद्दे पर वह चर्चा करेंगे। इस चर्चा के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की मुलाकात सोनिया गांधी से भी होगी।

बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के गैर भाजपाई दलों के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में जाने की संभावना ही अधिक है, पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता इसके पक्ष में हैं। कांग्रेस का लक्ष्य हर हाल में भाजपा को रोकना है। दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं की नजर राजद और जदयू के बीच गठबंधन को लेकर चल रही खींचतान पर भी लगी है। कांग्रेस का मानना है कि भाजपा को रोकने के लिए इन दोनों दलों में गठबंधन तय है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें