फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहार का मुख्यमंत्री बिहारी होगा कोई बाहरी नहींः नीतीश

बिहार का मुख्यमंत्री बिहारी होगा कोई बाहरी नहींः नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री बिहारी ही होगा। कोई बाहरी इस पद पर नहीं बैठेगा। इसलिए आप सभी बाहर से आए लोगों को नमस्कार करते हुए विदा कर दें। उन्होंने कहा कि भाजपा कनफूंकवा...

बिहार का मुख्यमंत्री बिहारी होगा कोई बाहरी नहींः नीतीश
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 19 Oct 2015 10:44 AM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री बिहारी ही होगा। कोई बाहरी इस पद पर नहीं बैठेगा। इसलिए आप सभी बाहर से आए लोगों को नमस्कार करते हुए विदा कर दें। उन्होंने कहा कि भाजपा कनफूंकवा पार्टी है। इससे आप लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। पता नहीं कब किसके कान में क्या फूंक दे। पहले और दूसरे चरण के चुनाव के बाद इन लोगों का मुंह सूख गया है।

नीतीश कुमार ने नौबतपुर, दानापुर, ब्रह्मपुर, नावानगर, इटाढ़ी और आरा में चुनावी सभाओं कहा कि भाजपा के लोग पूरे बिहार में नए-नए वादे करते फिर रहे हैं। मैं सचेत कराता हूं कि आपलोग उनके वादों पर भरोसा नहीं करना। ये लोग सभी वादों को बाद में जुमला घोषित कर देते हैं। लोकसभा चुनाव में काला धन लाने तथा सभी के खाते में 15 से 20 लाख रुपया भेजने का झांसा देकर लोगों को बरगलाया गया। जो भाजपा वालों को नहीं जानते थे, उन्होंने सोचा चलो एक बार कमल पर बटन दबा देंगे, 15-20 लाख रुपया मिल जाएगा। इसी चक्कर में लोगों ने भाजपा को वोट दे दिया और अब हकीकत सामने है। सूबे में कानून का राज है लेकिन भाजपा को बिहार में जंगलराज नजर आता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति की दुहाई देती है। भाजपा का ही पुराना नारा था ‘भारत के हैं तीन धरोहर अटल, आडवाणी व मुरली मनोहर’। भाजपा ने आज तीनों को किनारे कर दिया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की चटृानी एकता है। यही कारण है कि सीट बंटवारे से लेकर टिकट बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें