फोटो गैलरी

Hindi Newsशरद यादव ने कहा, मान जाओ मुलायम

शरद यादव ने कहा, मान जाओ मुलायम

बिहार विधानसभा चुनाव में कम सीट मिलने से नाराज समाजवादी पार्टी को मनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव से मुलाकात कर नाराजगी दूर करने की कोशिश की।...

शरद यादव ने कहा, मान जाओ मुलायम
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 03 Sep 2015 09:28 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार विधानसभा चुनाव में कम सीट मिलने से नाराज समाजवादी पार्टी को मनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव से मुलाकात कर नाराजगी दूर करने की कोशिश की। लेकिन अभी तक सपा ने कोई सकारात्मक संकेत नहीं दिया है। शुक्रवार को फिर दोनों नेताओं की मुलाकात हो सकती है। इस बैठक में सपा महासचिव रामगोपाल यादव भी शामिल हो सकते हैं।

सपा के बिहार चुनाव में अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान के फौरन बाद जदयू अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमों लालू यादव से चर्चा की। बाद में सपा अध्यक्ष से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई। शरद यादव ने मुलायम को यह समझाने की कोशिश की कि सपा के अलग चुनाव लड़ने से गलत संकेत जाएगा। धर्मनिरपेक्ष दलों की एकता कमजोर होगी।

पार्टी के एक नेता ने कहा कि सपा अध्यक्ष ने शरद यादव से कहा कि वह इस बारे में पार्टी में चर्चा करेंगे। जदयू अध्यक्ष की दलील थी कि मुलायम जनता परिवार के अध्यक्ष हैं, इसलिए वह सिर्फ पांच नहीं बल्कि 205 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। सौ-सौ सीट पर चुनाव लड़ रहे राजद और जदयू भी जनता परिवार का हिस्सा हैं। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि सपा को मनाने के लिए जदयू कुछ सीट और दे सकती हैं।

सपा बिहार में कम से कम बीस सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। सपा की दलील है कि उसके अलग चुनाव लड़ने से गठबंधन को नुकसान नहीं होगा। क्योंकि, वह ऐसी सीट पर उम्मीदवार उतारेगी, जहां भाजपा को नुकसान हो। लेकिन जदयू रणनीतिकार मानते हैं कि सपा के अलग चुनाव लड़ने से गलत संकेत जाएगा और विपक्ष इसे फूट के तौर पर पेश करेगा। इसलिए, जदयू की कोशिश रहेगी कि सपा गठबंधन का हिस्सा बनकर मैदान में उतरे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें