फोटो गैलरी

Hindi Newsमोदी की मौजूदगी में एमएल खट्टर ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

मोदी की मौजूदगी में एमएल खट्टर ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

आरएसएस पृष्ठभूमि के मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रधानमंत्री की मौजूदगी में शपथ ली। खट्टर को मुख्यमंत्री पद की शपथ राज्यपाल कैप्टन सिंह सोलंकी ने दिलाई। गौरतलब है कि...

मोदी की मौजूदगी में एमएल खट्टर ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
एजेंसीMon, 27 Oct 2014 01:26 AM
ऐप पर पढ़ें

आरएसएस पृष्ठभूमि के मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रधानमंत्री की मौजूदगी में शपथ ली। खट्टर को मुख्यमंत्री पद की शपथ राज्यपाल कैप्टन सिंह सोलंकी ने दिलाई। गौरतलब है कि राज्य में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा को पहली बार सरकार बनाने का मौका मिला है।
    
60 वर्षीय खट्टर करनाल की जीत के रास्ते पहली बार विधानसभा पहुंचे और उनकी साफ सुथरी छवि तथा संगठन में कुशल नेतृत्व क्षमता ने उन्हें राज्य की सत्ता के शीर्ष पद पर बिठा दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी माने जाने वाले एमएल खट्टर की टीम में 6 केबिनेट मंत्री और 3 राज्यमंत्री शामिल किए गए हैं।
    
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा के कई शीर्ष नेता मौजूद थे। इनमें पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कुछ केन्द्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी शामिल हैं।
    
आज कविता जैन, राम बिलास शर्मा, अभिमन्यु, ओम प्रकाश धनखड़, अनिल विज और नरबीर सिंह को केबिनेट मंत्री पद शपथ दिलाई गई। स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री पद के लिए विक्रम सिंह ठेकेदार, कृष्ण कुमार बेदी और करण देव कांबोज को शपथ दिलाई गई।  

पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भी समारोह में भाग लिया। उनकी पार्टी शिरोमणि अकाली दल राजग में सहयोगी दल के तौर पर शामिल है लेकिन वह हरियाणा चुनाव में भाजपा के खिलाफ खड़ी थी।
   
शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने वाले केंद्रीय मंत्रियों में मुख्यत: गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल, खाद्य मंत्री रामविलास पासवान रहे। सड़क परिवहन- राजमार्ग और पोत परिवहन राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी, विदेश राज्य मंत्री वी.के. सिंह और रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार शामिल रहे।
   
भाजपा शासित राज्यों के जिन मुख्यमंत्रियों ने समारोह में मौजूदगी दर्ज कराई उनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान से वसुंधरा राजे और गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल शामिल थीं। परंपरा से हटकर इस बार हरियाणा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह चंडीगढ़ के बजाय पंचकूला में आयोजित किया गया। खट्टर हरियाणा में 18 साल बाद गैर-जाट मुख्यमंत्री हैं। राज्य की राजनीति में लंबे समय से जाटों का दबदबा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें