फोटो गैलरी

Hindi Newsआगरा में आज निकलेगी उत्तर भारत की प्रसिद्ध राम बारात

आगरा में आज निकलेगी उत्तर भारत की प्रसिद्ध राम बारात

माता सीता को ब्याहने भगवान श्रीराम आज बारात लेकर धूमधाम से मिथिलानगरी के लिए निकलेंगे। मन:कामेश्वर मंदिर स्थित बारहदरी से देर शाम राजा दशरथ के साथ भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न अपने-अपने रथों...

आगरा में आज निकलेगी उत्तर भारत की प्रसिद्ध राम बारात
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 08 Oct 2015 11:30 AM
ऐप पर पढ़ें

माता सीता को ब्याहने भगवान श्रीराम आज बारात लेकर धूमधाम से मिथिलानगरी के लिए निकलेंगे। मन:कामेश्वर मंदिर स्थित बारहदरी से देर शाम राजा दशरथ के साथ भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न अपने-अपने रथों पर सवार होकर हजारों लोगों की बारात लेकर रवाना होंगे। श्रीरामलीला कमेटी ने बारात की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सामाजिक संदेश देती झांकियों सहित बारात में 105 झांकियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। बारात में 11 बैंड अपनी धुन से बरातियों को नृत्य करने पर विवश करेंगे।
 
श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री श्रीभगवान अग्रवाल व कोऑर्डीनेटर मुकेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार रामबारात के लिए 105 झांकियां फाइनल कर दी गई हैं। बारात शाम 4 बजे मन:कामेश्वर गली लाला चन्नोमल की बाराहदरी से प्रारंभ होगी। झांकियां सुबह से ही बारात स्थल पर पहुंचना शुरू हो जाएंगी।

श्रीभगवान अग्रवाल ने बताया कि इस बार बारात में निकलने वाली प्रमुख झांकियों में गंगा स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, भांगड़ा पार्टी, भारत माता, सफेद हनुमान जी, माखन चोरी, सूर्य भगवान का रथ, राम-रावण युद्ध, बृज की लठ्ठामार होली, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, डांडिया नृत्य, मेरा नाम जोकर आदि प्रमुख होंगे। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की प्रथम आरती लाला चन्नोमल जी की बाराहदरी में जिलाधिकारी पंकज कुमार व एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह करेंगे। इसके बाद चांदी के रथ पर भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी विराजमान होंगी। भगवान श्रीराम के रथ के आगे जगदीश बैंड, लक्ष्मण जी के रथ के आगे मिलन बैंड, भरत जी के रथ के आगे प्रहलाद बैंड और शत्रुघ्न जी के रथ के आगे सुधीर बैंड अपनी स्वर लहरियां बिखेरेंगे। राम बारात अपने परंपरागत मार्ग से होते हुए जनकपुरी पहुंचेगी।
 
अनोखी आभा लिए राजसी शृंगार में अपने अनुजों साथ होंगे प्रभु श्रीराम
शृंगार प्रभारी रवि गोस्वामी व शृंगार मंत्री मुकेश अग्रवाल ने बताया कि प्रभु श्री राम बारात में सूर्य वंश के होने के कारण मुकुट में सूर्य होगा। भगवान राम पूर्ण रत्नजड़ित मुकुट धारण करेंगे। शिवम गोस्वामी व राकेश अग्रवाल ने बताया कि लक्ष्मण जी शेषावतार हैं, वह रत्नजड़ित मुकुट में अपनी आभा बिखेरेंगे।

राममोहन, रामअभिषेक और मुकुल ने बताया कि भरत व शत्रुघ्न पूर्ण रजत मुकुट धारण करेंगे। पिछले 15 दिनों से मुकुट बनाने में हिरदेश बल्लभ, रजत, रवि, राहुल, कन्हैया, हैप्पी, काकू, अमित, आशीष सहयोग कर रहे हैं। मनोज पोली व सौरभ गौतम ने बताया कि जगत जननी मां जानकी भी दुल्हन बनीं रजत मुकुट धारण किए हुए राजसी श्रंगार में रत्न जड़ित आभूषणों में होंगी।

सिया के हाथ रची मेहंदी रघुवर तेरे नाम की

जनकदुलारी सिया की शादी में सखियों का उल्लास देखते ही बन रहा है। कोई ढोलक की थाप पर नृत्य कर रहा है तो कोई मेहंदी लगाकर अपने हाथों को राम-सीता के विवाह का साक्षी बना रहा है। रामबारात के स्वागत के लिए हर कोई उतावला हो रहा है। सखियां हाथों में मेहंदी के सुंदर डिजायन लगवा रही हैं। यह नजारा बुधवार को नेहरू नगर अपार्टमेंट स्थित राजा जनक सहजीव रतन जैन के घर पर मेहंदी की रस्म का था। मंगलगीतों के साथ सखियां खुशी से झूम रही हैं। हर कोई अपने हाथ पर मेहंदी लगवाने को आतुर है। इस अवसर पर मौजूद रानी सुनयना नीलम रतन जैन, डॉ. संपन्न जैन, नैना जैन, पायल, प्रियंका, मंजरी सहित प्रीति गिल,प्रभा जैसवाल, पूनम शर्मा, रश्मि, वर्षा, वीनू परमार, रीता पचौरी, गीता सिंघल, सुषमा सहित अन्य महिलाएं माता सीता के हाथ पर मेहंदी लगाने को उमड़ रही हैं।
 
वहीं राजा दशरथ के 220 नेहरू नगर स्थित निवास पर भी उल्लास का माहौल है। राजा दशरथ रामअवतार गुप्ता और रानी कौशल्या जयमाला गुप्ता सहित पूरा परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ गीत-संगीत के माहौल में झूम रहा है। गीत-संगीत के माहौल में मेहंदी की खुशबू महक रही है। राम, लक्ष्मण भरत, शत्रुघ्न के स्वरूपों को मेहंदी लगाई जा रही है। शाम के समय भगवान श्रीराम सहित चारों स्वरूप राजा दशरथ के घर पहुंचे हैं। पहुंचने पर दशरथ परिवार ने उनका भव्य स्वागत किया। राजा दशरथ और रानी कौशल्या ने स्वरूपों की आरती उतारी। इस अवसर पर राजा दशरथ के परिजन व रिश्तेदार बड़ी संख्या में समारोह का गवाह बनने के लिए मौजूद हैं।

मंगलगीतों के बीच केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया की धर्मपत्नी मृदुला कठेरिया ने स्वरूपों के हाथों पर शगुन की मेहंदी लगाई। परिवार की कुसुम गुप्ता, शिल्पी गुप्ता, रीतिका बंसल, आस्था गुप्ता, कमलेश सिंघल, सर्वेश गर्ग ने भी स्वरूपों के हाथों पर मेहंदी लगाई। संतोष गुप्ता, सतीश इंजीनियर, राजीव गुप्ता भगवान राम के भाई बनकर खुद को धन्य महसूस कर रहे थे। दूल्हे के जीजा की रस्म अनूप बंसल-रीतिका बंसल ने निभाई। शाम को राजा दशरथ के घर सांस्कृतिक संध्या में सभी ने स्वरूपों का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री श्रीभगवान अग्रवाल, रवि गौतम, मुकेश अग्रवाल, मनोज पोली, अतुल बंसल आदि मौजूद रहे।

रघुनंदन की बरात के लिए सज गई जनकपुरी
गांधीनगर में सज रही जनकपुरी मर्यादा पुरुषोत्तम की बारात के स्वागत के लिए पलक-पांवड़े बिछाकर तैयार हो गई है। चारों ओर उल्लास का माहौल है। पूरे गांधी नगर में सभी घरों पर रंग-बिरंगी रोशनी दमक रही है। जनकपुरी के लोग बड़ी बेसब्री से भगवान राम की बारात के स्वागत की तैयारियां कर रहे हैं। महिलाओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। जनकपुरी से दो दिन पहले ही गांधी नगर में मेले का माहौल बन गया है।
 
उत्तर भारत की प्रसिद्ध जनकपुरी की छठा पूरे आगरा में बिखरने लगी है। शुक्रवार को भगवान राम की बारात के स्वागत के लिए तैयार जनकपुरी में दो दिन पहले से ही उत्साह का माहौल है। बारात के स्वागत के लिए सबकुछ तैयार हो चुका है। जनकपुरी कोर कमेटी और महिला मंडल अपने-अपने स्तर से बारात के स्वागत के लिए तैयारियां में जुटा है। महिला मंडल की महिलाएं बारात के स्वागत के लिए माता सीता को मेहंदी लगाने के बाद अब रघुनंदन के जनकपुरी आगमन का इंतजार कर रही हैं। कोर कमेटी के रवि परमार ने बताया कि गांधी नगर पूरी तरह मिथिला नगरी का रूप ले चुका है। चारों ओर उल्लास का माहौल है। बारात के स्वागत से पूर्व हर पल रोमांच अपने चरम पर पहुंच रहा है। गांधीनगर के सभी नागरिक बारात के स्वागत के लिए तैयार हो गए हैं।

जनकपुरी में मेले जैसा बना माहौल
जनकपुरी महोत्सव से पहले ही गांधी नगर का माहौल मेले जैसा हो गया है। आस-पास क्षेत्र के रहने वाले लोग शाम ढलते ही मेले का आनंद लेने निकल रहे हैं। महोत्सव में अपनी स्टॉल लगाने वालों का भी जमावड़ा होने लगा है। एक ओर जहां बच्चे झूलों का आनंद ले रहे हैं, दूसरी ओर लोग चाट-पकौड़ी का आनंद लेते हुए दिख रहे हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता जनकपुरी मार्ग सभी को आकर्षित कर रहा है।

फिरोजाबाद से आए रामचंद पिछले दो दिन से यहां अपने पूरे परिवार के साथ आ गए हैं। रामचंद ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव में वह पहली बार स्टॉल लगाने जा रहे हैं। वहीं उनकी दुकान पर कार, गुब्बारे, बॉल, डॉरीमोन के साथ अन्य कई लुभावने खिलौने हैं। इन सभी की कीमत 50 रुपये से लेकर 250 रुपये तक है। बॉबी ठाकुर पिछले तीन सालों से जनकपुरी में अपनी स्टॉल सजाते आ रहे हैं। बॉबी ने बताया कि कल रात ही वह अपने पूरे परिवार के साथ आगरा आ गए थे। बॉबी ने दयालबाग में आयोजित जनकपुरी में भी खिलौनों की दुकान लगाई थी। आगरा के संतोष ने जनकपुरी महोत्सव में झूला लगाया है। संतोष का झूला दो दिन पहले ही पार्क में लग गया था। तभी से भीड़ झूले पर पहुंच रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें